राहुल गांधी की दो दिन में 2 बार PM को डिबेट की चुनौती: निर्मला का जवाब- बहस के लिए संसद, वहां सोशल मीडिया की तरह जोश क्यों नहीं दिखाते
Published:
4 min read

निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी से कहा- संसद में जब बहस होती है तो आपकी पार्टी बाहर चली जाती है।
नेशनल डेस्क. विपक्ष कथित वोट चोरी और SIR के मुद्दे पर लगातार CEC ज्ञानेश कुमार और मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। इन सबके बीच विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दो दिन में दूसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट के लिए चैलेंज किया है। अब इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पलटवार किया है।
निर्मला सीतारमण ने कहा- राहुल जी, आपने पीएम मोदी को डिबेट के लिए एक जगह चुनने के लिए कहा। देश में ये पहले से है- संसद, जहां आप विपक्ष के नेता हैं। कल ही आपको गृह मंत्री अमित शाह ने SIR और EVM पर चर्चा के लिए स्पेशल सत्र रखने का ऑफर दिया। लेकिन आप सोशल मीडिया पर चुनौती देने की तरह का जोश संसद में क्यों नहीं दिखा पाते। सवाल पूछने के बाद आपको उनके जवाब भी सुनने होते हैं।
ये भी पढ़ें: संसद में चुटकुला सुनाते वक्त भगवंत मान से शराब की बदबू आती थी: राहुल गांधी बोले- नशे से लड़ने के लिए आपका CM हर शाम नशा नहीं कर सकता
आप जवाब तक नहीं सुनते- निर्मला
सीतारमण ने कहा- ऐसे कई मौके आए हैं जब सरकार आपके आरोपों के जवाब दे रही थी और आप और आपकी पार्टी संसद से बाहर चली गई। जब आप दूसरे पक्ष की बात सुनने के लिए भी नहीं रुकते, तो आप बहस के लिए दावा कैसे कर सकते हैं?
उन्होंने कहा- आप लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के बारे में लगातार बोलते रहते हैं। लेकिन यह सम्मान संवैधानिक संस्थानों के प्रति आपके व्यवहार में भी दिखना चाहिए। आप कहते हैं, 'डरो मत।' फिर तथ्य सामने लाएं, जांच का सामना करें और जवाब सुनने के लिए रुकें।
BJP की सहयोगी JDU ने भी साधा निशाना
JDU प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा- अगर राहुल गांधी को संसदीय लोकतंत्र में भरोसा है तो उन्हें अमित शाह का चैलेंज स्वीकार करना चाहिए और संसद में बहस के लिए तैयार हो जाना चाहिए। राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बिहार SIR पर याचिकाओं की सुनवाई करते हुए यह स्पष्ट कर दिया था कि SIR कराना चुनाव आयोग का अधिकार क्षेत्र है और यह प्रक्रिया कानून के मुताबिक की जा रही है।
ये भी पढ़ें: नकली संसद में PM बन जाते, सोनिया गांधी को तसल्ली हो जाती: शाह का राहुल पर तंज; बोले- असली में कभी पीएम नहीं बन पाओगे
अमित शाह ने राहुल गांधी को किया चैलेंज
अमित शाह ने हैदराबाद में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा को संबोधित करते हुए कहा था- राहुल गांधी हाथ में संविधान लेकर चलते हैं। लेकिन उसका सम्मान नहीं करते। राहुल जी, आप संसद नहीं चलने देते। चाहें EVM का मुद्दा हो, SIR या फिर घुसपैठ का... मैं आपको हैदराबाद से चुनौती देता हूं, हम स्पेशल सत्र के लिए तैयार हैं, आइए और बहस करिए।
राहुल गांधी ने PM को बहस की चुनौती दी
राहुल गांधी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा- 24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ। देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत। दोनों मिलेंगे, मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, टेबल होगी, एक साइड आप बैठोगे, एक साइड मैं बैठूंगा। जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो। मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो। और फिर डिबेट करते हैं। सवाल उठेंगे फाइनेंशियल सिस्टम पर, फाइनेंशियल स्ट्रक्चर पर, US डील कैसे हुई, क्यों हुई, इतनी जल्दी क्यों हुई, सिर्फ आपने क्यों की, कैबिनेट को क्यों नहीं बताया, अडानी का केस बंद क्यों हुआ, Epstein - ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिसपे खुलकर डिस्कशन होगा।

