नसीरुद्दीन शाह की 'दिमागी नक्सल' पोस्ट पर किरण रिजिजू का रिएक्शन: बोले- पता नहीं था वे इतने खतरनाक हैं, असली कैरेक्टर अब सामने आया; क्या है मामला
Published:
3 min read

नसीरुद्दीन शाह ने पिछले हफ्ते मोदी सरकार पर एजुकेशन संस्थानों में स्टूडेंट्स को निशाना बनाने का आरोप लगाया था।
नेशनल डेस्क। संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजिजू ने बॉलीवुड वेटरन एक्टर नसीरुद्दीन शाह को भारत के लिए बेहद हानिकारक बताया है। उन्होंने कहा है कि मुझे नहीं पता था कि वे इतने खतरनाक शख्स निकलेंगे।
किरण रिजिजू का यह रिएक्शन नसीरुद्दीन शाह की 5 दिन पुरानी एक सोशल मीडिया पोस्ट पर आया है। इस पोस्ट में एक्टर ने खुद को दिमागी नक्सल बताया था और मोदी सरकार की आलोचना की थी।
नसीरुद्दीन शाह ने क्या-क्या कहा था?
नसीरुद्दीन शाह ने पिछले हफ्ते एक इंस्टा रील शेयर की। इसमें वह कहते हैं- मैं फख्र के साथ कहता हूं कि मैं दिमागी नक्सल हूं। इसके अलावा चौकीदार (पीएम मोदी) ने हम जैसे लोगों को पता नहीं क्या-क्या नाम दिए हैं जैसे एंटी नेशनल, टुकड़े-टुकेड़ गैंग और न जाने क्या-क्या। टुकड़े-टुकड़े गैंग अगर इस मुल्क में कोई है तो वो यह हुकुमत है।
नसीरुद्दीन आगे कहते हैं- मैं इस हुकुमत से एक सवाल पूछना चाहता हूं कि इस देश को तोड़ने के लिए और क्या-क्या करोगे? हमारे मुल्क के नौजवानों की हिम्मत को तोड़ने के लिए, शिक्षा संस्थानों को बर्बाद करने के लिए और हमारे लोकतंत्र को खतरे में डालने के लिए क्या-क्या करोगे? तुम और तुमने अपने ईर्द-गिर्द जो बेवकूफों और बेईमानों की पलटन खड़ी की है, इन्हें कहां तक ले जाओगे?
वेटरन एक्टर ने शिक्षा संस्थानों पर हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जेएनयू, फिर सत्यजीत रे फिल्म इंस्टिट्यूट और फिर जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में छात्रों पर जुल्म किया गया। यह सब याद रखा जाएगा।
उन्होंने गोदी मीडिया पर और BJP IT सेल पर झूठ फैलाने के आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि जो कर सको कर लो लेकिन न तो देश के नौजवानों का हौसला टूटेगा, न हमारा लोकतंत्र बिखरेगा। आखिरी में वे नौजवानों को सलाम करते हुए उन्हें दुआ देते भी नजर आते हैं।
किरण रिजिजू क्या बोले?
किरण रिजिजू ने नसीरुद्दीन शाह की वीडियो को एडिट करके 16 सेकंड की एक क्लिप शेयर की। इसमें नसीरुद्दीन शाह कह रहे हैं- मैं फख्र के साथ कहता हूं कि मैं दिमागी नक्सल हूं। एंटी नेशनल , टुकड़े-टुकड़े गैंग। जो करना है करके देख लो।
इस क्लिप को शेयर करते हुए रिजिजू ने लिखा- मैं सोचता था कि नसीरुद्दीन शाह एक सामान्य एक्टर हैं। मैं उन्हें पसंद करता था और उनकी इज्जत भी करता था। मैं बिल्कुल नहीं जानता था कि वह एक खतरनाक शहरी दिमागी नक्सल हैं।
रिजिजू ने यह भी लिखा कि मुझे उसके असली चरित्र के बारे में बहुत देर से पता चला। भारत के लोकतंत्र के लिए यह बेहद हानिकारक है।
यह भी पढ़ें...

