वृंदावन ISKCON मंदिर में छोटे या रिवीलिंग ड्रेस पहनने पर रोक: फोटो लेने-वीडियो बनाने पर भी सख्ती; जानें नई गाइडलाइन क्या
Published:
2 min read

AI-इमेज।
एजुकेशन डेस्क. मथुरा-वृंदावन स्थित इस्कॉन टेम्पल में श्रद्वालुओं के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है। नए नियमों के मुताबिक छोटे या फिर रिवीलिंग कपड़े पहनकर आने पर रोक लगाई गई है। इसको लेकर मंदिर प्रशासन ने एंट्री गेट पर नोटिस बोर्ड भी लगाए हैं। इसके अलावा मंदिर के क्षेत्रों में फोटोग्राफी, सेल्फी और वीडियो रिकॉर्डिंग पर भी रोक लगा दी गई है।
नई गाइडलाइन को लेकर मंदिर प्रशासन का कहना है कि हाल के समय में कई लोग मंदिर को पूजा स्थल की बजाय पर्यटन स्थल और सोशल मीडिया कंटेंट बनाने की जगह की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। इसी वजह से मंदिर प्रशासन ने ये गाइडलाइन जारी की है।
क्या है मंदिर का ड्रेस कोड
नई गाइडलाइंस के मुताबिक मंदिर में आने वाले भक्तों को मर्यादित कपड़े पहनकर आना होगा। जैसे कि साड़ी, सलवार-सुट, कुर्ता-पायजामा और फुल-लेंथ पैंट या ट्राउजर। शॉर्ट्स, स्लीवलेस टॉप, मिनी स्कर्ट समेत ऐसी कोई ड्रेस पहनकर आने वाले को एंट्री नहीं दी जाएगी जिसमें कंधे या घुटने दिखाई दें रहे हो।
सेल्फी और फोटोग्राफी लेना भी मना है
ड्रेस कोड के साथ-साथ मंदिर प्रशासन ने मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी सख्ती की है। नए नियमों के मुताबिक, मंदिर के अंदर फोटो या सेल्फी लेना भी मना है। इसी के साथ भक्त मंदिर में वीडियो भी शूट नहीं कर सकते हैं।
इसको लेकर मंदिर प्रबंधन का कहना है कि सोशल मीडिया के लिए लगातार फोटो और वीडियो बनाने की वजह से श्रद्धालुओं का ध्यान बंटता है। इसके अलावा, ज्यादा भीड़ वाली जगहों पर फोटो या सेल्फी लेने के लिए रुकने से रास्ता जाम हो जाता है, जिससे दर्शन के लिए लाइन में खड़े बाकी श्रद्धालुओं को परेशानी होती है।

