दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ का CJP पर तंज: बोले- पंजाबियों को मत सिखाओ लड़ाई कैसे लड़ते हैं; दीपके ने क्या जवाब दिया
Published:
3 min read

पंजाबी एक्टर और सिंगर दिलजीज दोसांझ ने शुक्रवार रात दिल्ली में एक कॉन्सर्ट किया। यह कॉन्सर्ट उनके AURA India Tour का हिस्सा था।
नेशनल डेस्क। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट में कुछ ऐसा हुआ जो म्यूजिकल कम पॉलिटिकल ज्यादा था। उन्होंने गानों के बीच कुछ ऐसा कहा जो कॉकरोच जनता पार्टी के लिए इनडायरेक्ट मैसेज था। उनके इस मैसेज पर बाद में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके का भी रिएक्शन आया।
दरअसल, कुछ महीने पहले दिलजीत दोसांझ ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान एक सवाल के जवाब में विरोध-प्रदर्शनों से खुद को दूर रखने की बात कही थी। उनसे दिल्ली में CJP के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन पर रिएक्शन मांगा गया था।
इस पर दिलजीत ने कहा था- भाई, मुझे विरोध-प्रदर्शन और ऐसी चीजों से दूर रखो। मैं एक आर्टिस्ट हूं, भाई। मैं कोई नेता नहीं हूं।
उनकी इस टिप्पणी पर अभिजीत दीपके ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने इसकी आलोचना करते हुए कहा था कि उन्हें दिलजीत से ऐसी उम्मीद नहीं थी। दिलजीत के I am a Artist Bro वाले रिमार्क को लेकर मीम भी बनाए गए थे।
दिलजीत ने कॉन्सर्ट में दिया जवाब
दिल्ली में शुक्रवार (30 अक्टूबर) को हुए कॉन्सर्ट में दिलजीत ने बिना नाम लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके पर तंज कसा। उन्होंने कहा- मैं आप सभी से प्यार करता हूं, क्योंकि मैं एक आर्टिस्ट हूं। मैं चुप हूं तो मुझे चुप रहने दो। मैं आप सभी का समर्थन करता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाई कैसे लड़नी है।
दीपके बोले- छोटा भाई समझकर मिट्टी पाओ
दिलजीत के कॉन्सर्ट का वीडियो वायरल होने के बाद अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखा। इसमें उन्होंने बताया कि जून में हुए प्रदर्शन के दौरान दिलजीत की टिप्पणी से उन्हें थोड़ी तकलीफ हुई थी।
दीपके ने लिखा- पाजी, जून में जब हम प्रदर्शन कर रहे थे, तब आपकी बात से मुझे थोड़ा दुख हुआ था। ऐसा नहीं था कि मेरे मन में आपके लिए कुछ गलत था। मैंने हमेशा आपको ऐसे इंसान के तौर पर देखा है, जो किसी मुद्दे पर अपनी बात रखता है। जैसा कि आपने खुद भी कहा था। मैं हमेशा से आपका फैन रहा हूं और आज भी हूं।
उन्होंने आगे कहा कि वह आज भी दिलजीत के गाने सुनते हैं। इस साल मई में भारत लौटने से पहले वह अमेरिका के शिकागो में उनका कॉन्सर्ट देखने भी गए थे।
दीपके ने लिखा- आपका हौसला, आपकी सच्चाई और अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए भारत को दुनिया भर में पहचान दिलाने का आपका तरीका मुझे हमेशा पसंद आया। शायद इसी वजह से आपकी उस बात से मुझे थोड़ा दुख हुआ था, क्योंकि मैं आपकी बहुत इज्जत करता हूं। लेकिन एक असहमति या गलतफहमी से आपके लिए मेरा सम्मान कम नहीं हो सकता।
दीपके ने अपने पोस्ट के आखिर में दिलजीत से पुरानी बातों को भूलने की अपील की। उन्होंने लिखा, 'बाकी पाजी, छोटा भाई समझकर मिट्टी पाओ।'
यह भी पढ़ें...

