उमरिया में NH-43 पर ट्रेलर से टकराकर अनियंत्रित हुआ कोयले से भरा ट्रक: सड़क किनारे पलटने से चालक घायल; अस्पताल में उपचार जारी
Published:
2 min read

उमरिया में NH-43 पर ट्रेलर से टकराकर अनियंत्रित हुआ कोयले से भरा ट्रक
उमरिया। जिले में नेशनल हाईवे 43 पर कोयले से लदा ट्रक सामने से आ रहे ट्रेलर से टकराने के बाद सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे जिला चिकित्सालय उमरिया में भर्ती कराया गया है। टक्कर के बाद ट्रक में लदा कोयला सड़क किनारे बिखर गया।
लोढ़ा गांव के पास हुआ हादसा
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे 43 पर भरौली चौकी अंतर्गत लोढ़ा गांव के पास यह सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, कोयले से लदा ट्रक छत्तीसगढ़ से मैहर स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी जा रहा था। इसी दौरान कटनी की तरफ से आ रहे एक ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराया और फिर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सड़क किनारे बिखरा कोयला, चालक घायल
ट्रक के पलटने से उसमें लदा कोयला सड़क किनारे बिखर गया। हादसे में ट्रक चालक को चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को जिला चिकित्सालय उमरिया पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस जुटा रही हादसे की जानकारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक और ट्रेलर के बीच टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।नेशनल हाईवे 43 पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुन्नू सिंह परस्ते (डी एस पी )

