दुर्ग के अहिवारा के वरिष्ठ बीजेपी MLA डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन: अंतिम दर्शन को उमड़े लोग; पैतृक गांव में राजकीय सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
Published:
3 min read

दुर्ग में वरिष्ठ भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को अंतिम विदाई
दुर्ग। जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से पूरा दुर्ग जिला गमगीन है। शुक्रवार को उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए भिलाई-3 स्थित विधायक कार्यालय लाया गया, जहां हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और आम नागरिक पहुंचे। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई देते नजर आए।
अंतिम दर्शन में ये लोग हुए शामिल
दरअसल भिलाई-3 विधायक कार्यालय में अंतिम दर्शन के बाद उनके पार्थिव शरीर को दुर्ग स्थित उनके निवास ले जाया गया। यहां भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और नम आंखों से अपने नेता को विदाई दी। अंतिम दर्शन के लिए सांसद विजय बघेल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसपी विजय अग्रवाल सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कोर्सेवाड़ा के निधन को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया। पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के आकस्मिक निधन से उन्हें बेहद दुख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कोर्सेवाड़ा के साथ लंबे समय तक काम करने का अवसर मिला। वे विधानसभा में अनुसूचित जाति वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ सदस्य थे। उनका सरल और सहज व्यक्तित्व हमेशा याद रहेगा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा में सबसे वरिष्ठ विधायकों में शामिल
सांसद विजय बघेल ने भावुक होते हुए कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा हम सभी को छोड़कर चले गए। वे छत्तीसगढ़ विधानसभा में सबसे वरिष्ठ विधायकों में शामिल थे। विजय बघेल ने बताया कि वर्ष 2008 से 2013 तक दोनों एक साथ विधायक रहे और इसी दौरान उनके बीच पारिवारिक संबंध बन गए थे। उन्होंने कहा कि कोर्सेवाड़ा हर महत्वपूर्ण विषय पर उनसे राय लेते थे और उन्हें बहुत सम्मान देते थे। उनका जाना व्यक्तिगत रूप से उनके लिए बेहद पीड़ादायक है।
जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि को खोया
अहिवारा के पूर्व विधायक सांवलाराम डाहरे ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र ने एक सरल, सहज और जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि को खो दिया है। यह अहिवारा के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बताया कि कोर्सेवाड़ा सतनामी समाज से जुड़े वरिष्ठ राजमहंत भी थे और समाज के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण कार्य किए।
सीनियर पत्रकार ने किया याद
वरिष्ठ पत्रकार पवन केसवानी ने भी कोर्सेवाड़ा के साथ अपने पुराने संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि ताराचंद साहू के निजी सहायक के रूप में कोर्सेवाड़ा ने जिस सरलता और समर्पण से काम किया, उसे वे जीवनभर नहीं भूल सकते।
उपचार के दौरान निधन
भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 30 अक्टूबर को 78 वर्ष की उम्र में हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हुआ था। शिक्षक से जनप्रतिनिधि तक का सफर तय करने वाले कोर्सेवाड़ा ने अपना जीवन शिक्षा, समाजसेवा और राजनीति को समर्पित किया।अब उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा ले जाया जाएगा, जहां उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
विजय बघेल, सांसद, दुर्ग
गुरु बाल दास साहब

