सीधी में नाले के पास मिली नवजात बच्ची: सुबह रोने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण; जिला अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जु़टी
Published:
2 min read

सीधी में नाले के पास मिली नवजात बच्ची।
सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल क्षेत्र में अकड़ा नाले के किनारे एक नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिली। ग्राम पंचायत बमुरी के रामपुर के पास सुबह छुही मिट्टी की खुदाई करने पहुंचे ग्रामीणों ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्हें नवजात बच्ची दिखाई दी। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सुबह 6 बजे नाले के पास सुनाई दी रोने की आवाज
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 6 बजे की है। ग्रामीण अकड़ा नाले के पास छुही मिट्टी की खुदाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें एक बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीण आवाज की दिशा में पहुंचे तो वहां नवजात बच्ची जीवित अवस्था में मिली। उन्होंने बिना देर किए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
ऑक्सीजन की मदद से इलाज, जिला अस्पताल रेफर
सूचना मिलने के बाद सिहावल पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल ले जाया गया। वहां बीएमओ डॉ. रिकेश शर्मा की देखरेख में बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने उसे ऑक्सीजन की मदद से उपचार दिया। बेहतर इलाज के लिए बच्ची को जिला अस्पताल की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में रेफर किया गया।
नवजात को नाले के पास किसने छोड़ा? जांच में जुटी पुलिस
नाले के किनारे नवजात बच्ची मिलने की घटना से इलाके में सवाल उठ रहे हैं। बच्ची को वहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों की तत्परता से बच्ची को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका और उसे चिकित्सा सहायता मिल सकी।
ये भी पढ़ें- सीधी में धान की गहाई के दौरान ट्रैक्टर में भड़की भीषण आग: साइलेंसर की चिंगारी से वाहन जलकर खाक...
रिकेश शर्मा, बीएमओ, सिहावल

