सीधी में धान की गहाई के दौरान ट्रैक्टर में भड़की भीषण आग: साइलेंसर की चिंगारी से वाहन जलकर खाक, मौके पर मची अफरा-तफरी, कोई जनहानि नहीं
Published: Updated:
2 min read

धान की गहाई के दौरान ट्रैक्टर में लगी आग, जलकर हुआ खाक
सीधी। जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दिया डोल में धान की गहाई के दौरान अचानक एक ट्रैक्टर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रैक्टर का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
धान की गहाई के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दिया डोल में चंदन सिंह के घर पर धान की फसल की गहाई का काम चल रहा था। इसी दौरान गोलई केवट के स्वामित्व वाले महिंद्रा युवो 275 ट्रैक्टर में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर के साइलेंसर से निकली चिंगारी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप
ट्रैक्टर में आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैलने के कारण ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास सफल नहीं हो सके और उसका बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस को सूचना देने की तैयारी
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मालिक की ओर से घटना की सूचना मझौली थाने में दी जा रही है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
ये भी पढें - मुरैना में महिला ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग: परिजनों और बच्चे के समझाने पर भी नहीं मानी, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर

