मुरैना में महिला ने चौथी मंजिल से लगाई छलांग: परिजनों और बच्चे के समझाने पर भी नहीं मानी, गंभीर हालत में दिल्ली रेफर
Published:
2 min read

परिजन रोकते रहे, बच्चा पुकारता रहा ‘मम्मी-मम्मी’, सुबह 4 बजे की घटना (फाइल फोटो)
मुरैना। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के नैनागढ़ रोड पर सोमवार सुबह एक महिला ने मकान की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सुबह 4 बजे हुई घटना
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 4 बजे महिला मकान की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गई और रेलिंग से कूदने की कोशिश करने लगी। यह देखकर पति, बच्चे और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे रोकने और नीचे आने के लिए समझाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और महिला को शांत करने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
बच्चे की पुकार भी नहीं रोक पाई
घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बच्चा अपनी मां को ‘मम्मी-मम्मी’ कहकर पुकारता सुनाई दे रहा है। पति और अन्य परिजन भी लगातार महिला को नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद महिला ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
घटना के बाद परिजन घायल महिला को कार से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण उसे दिल्ली रेफर किया गया। महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें - ग्वालियर-झांसी हाईवे पर सड़क हादसा: बाइक की टक्कर से महिला की मौत, क्रॉस केस कराने जिला अस्पताल पहुंचा आरोपी चालक फरार

