सीधी में गेस्ट टीचर का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल: पत्र पर न तो साइन न ही सील; DEO ने किया खंडन, जांच के दिए सख्त निर्देश
Published:
2 min read

सीधी में गेस्ट टीचर का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल
सीधी। जिले में अतिथि शिक्षकों से संबंधित शिक्षा विभाग का एक कथित आदेश सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। वायरल पत्र में विभाग के नाम से आदेश जारी होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जब इसकी सच्चाई सामने आई तो शिक्षा विभाग ने इसे फर्जी करार दे दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी पवन सिंह ने स्पष्ट किया है कि विभाग की ओर से ऐसा कोई पत्र जारी नहीं किया गया है। उन्होंने वायरल पत्र को निराधार बताते हुए मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
वायरल पत्र पर न हस्ताक्षर, न विभाग की सील
सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे इस पत्र में कई खामियां सामने आई हैं। पत्र पर किसी अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं हैं और न ही विभाग की आधिकारिक सील लगी हुई है। इसके अलावा पत्र में दर्ज क्रमांक से भी विभाग की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
मामला संज्ञान में आते ही DEO ने जांच का निर्देश दिया
मामला संज्ञान में आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विभाग के नाम पर कथित फर्जी आदेश किसने तैयार किया और इसे सोशल मीडिया पर किसने प्रसारित किया।
फर्जी आदेश जारी करने वालों पर कार्रवाई की मांग
इस मामले ने शिक्षा विभाग के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आदेश प्रसारित किए जाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस पत्र को किसने तैयार किया और इसके पीछे क्या मंशा थी। फिलहाल विभाग की ओर से वायरल पत्र का खंडन किया गया है और जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पवन सिंह जिला शिक्षा अधिकारी

