शिवपुरी में दिल दहला देने वाली घटना: दो अलग-अलग हादसों में दो बहनों और 4 बच्चों की कुएं में डूबने से मौत; परिवार में मचा कोहराम
Published:
3 min read

शिवपुरी में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो बहनों समेत छह लोगों की कुएं में डूबने से मौत।
शिवपुरी। जिले में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो बहनों समेत 6 लोगों की मौत हो गई। बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव में अंजली रावत की अपने 6 साल के बेटे के साथ कुएं में डूबने से मौत हो गई। अंजली आठ माह की गर्भवती थी। इस घटना के बाद कोलारस थाना क्षेत्र के खोंकर गांव में उसकी बड़ी बहन सीता रावत और उसके तीन बच्चों की भी कुएं में डूबने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस अलग-अलग मामलों की जांच कर रही है।
छोटी बहन के बाद बड़ी बहन और 3 बच्चों की भी मौत
शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई गांव निवासी सीता रावत, पत्नी राम सिंह रावत, बुधवार को अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ खोंकर गांव स्थित अपने खेत पर गई थी। शाम करीब 6 बजे जब परिजनों को सीता और बच्चों के घर पर नहीं होने की जानकारी मिली, तो उनकी तलाश शुरू की गई।
खेत पर पहुंचने पर परिजनों को कुएं के पास चप्पल दिखाई दी। कुएं में देखने पर एक बच्चे का शव नजर आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कोलारस पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू की। बुधवार रात करीब 11 बजे तक सीता और उसके तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाल लिए गए।
दोनों बहनों के बीच था गहरा लगाव
परिजनों के मुताबिक, सीता और अंजली के बीच काफी गहरा लगाव था। दोनों बहनें अक्सर फोन पर बातचीत करती थीं। परिवार के सदस्यों ने सीता की मौत को छोटी बहन अंजली की मौत से जुड़े सदमे के तौर पर बताया है। हालांकि, सीता और उसके बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पति की मौत के बाद तनाव में थी अंजली
बुधवार दोपहर बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव में 35 वर्षीय अंजली रावत की अपने 6 साल के बेटे प्रशांत के साथ कुएं में डूबने से मौत हो गई थी। बताया गया कि अंजली की 3 बेटियां भी उसके साथ थीं, लेकिन बड़ी बेटी मोनिका ने खुद और अपनी दोनों बहनों को बचा लिया। इसके बाद उसने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और अंजली व उसके बेटे को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। अंजली आठ माह की गर्भवती थी। उसकी मौत के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई।
परिजनों के अनुसार, अंजली के पति धर्मवीर सिंह रावत की करीब डेढ़ माह पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में बताई जा रही थी।
दो थानों की पुलिस जांच में जुटी
बैराड़ थाना प्रभारी रवि चौहान के मुताबिक, अंजली और उसके बेटे के शव शिवपुरी जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए थे। गुरुवार को पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाना था।
वहीं, कोलारस थाना प्रभारी जितेंद्र चंदेलिया ने बताया कि सीता और उसके तीनों बच्चों के शव बुधवार रात करीब 11 बजे तक कुएं से बाहर निकलवा लिए गए थे। गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया जाना था। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- मुरैना में बिजली की तार डालने पर विवाद: पिता और पुत्र पर लाठियों से हमले का आरोप

