मुरैना में बिजली की तार डालने पर विवाद: पिता और पुत्र पर लाठियों से हमले का आरोप, शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया केस
Published:
2 min read

मुरैना में बिजली का तार डालने पर मारपीट, पिता-पुत्र घायल।
मुरैना। जिले के परम सिंह का पुरा गांव में बिजली का तार डालने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने पिता-पुत्र पर लाठियों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली का तार डालने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के परम सिंह का पुरा गांव में उदय सिंह जाटव का बेटा रंजीत जाटव और भूरा जाटव अपने घर में बिजली की व्यवस्था करने के लिए दूसरी जगह से तार डालकर ला रहे थे। इसी बात को लेकर गांव के हरिसिंह जाटव, उसके बेटे अतेंद्र और प्रमोद तथा भांजे नीकेश जाटव ने विरोध किया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पिता को बचाने पहुंचे बेटे पर भी हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने उदय सिंह जाटव के साथ लाठियों से मारपीट की। पिता को पिटता देख उनका बेटा रंजीत जाटव उन्हें बचाने पहुंचा, लेकिन हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, पिता-पुत्र को सड़क पर गिराकर लाठियों से पीटा गया, जिससे दोनों घायल हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
ये भी पढ़ें- मुरैना के बानमोर में फुट ओवरब्रिज की मांग तेज: हाईवे पर डिवाइडर कट नहीं, जान जोखिम में डालकर सड़क पार कर रहे लोग....

