शिवपुरी के स्कूल में बच्चों के अपहरण की नाकाम कोशिश: परिजन बनकर पहुंचे दो संदिग्ध, स्टाफ की मुस्तैदी से भागे; घटना CCTV में कैद
Published:
4 min read

फाइल फोटो-
शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के दीघौद स्थित राइजिंग सोल्स स्कूल में नर्सरी में पढ़ने वाले दो बच्चों को कथित तौर पर स्कूल से ले जाने पहुंचे दो संदिग्ध युवकों का मामला सामने आया है। दोनों युवकों ने खुद को बच्चों का परिजन बताते हुए उन्हें घर ले जाने की बात कही, लेकिन उनकी बातों में विरोधाभास मिलने पर स्कूल स्टाफ को शक हो गया। स्टाफ ने तत्काल बच्चों के माता-पिता से फोन पर संपर्क किया। परिजनों ने किसी को भी बच्चों को लेने के लिए स्कूल नहीं भेजने की बात कही। इसके बाद दोनों युवक स्कूल से भाग निकले। पूरी घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
एक बालक और एक बालिका को बताया भाई
जानकारी के मुताबिक सींगाखेड़ी गांव के बच्चे स्कूल बस से रोजाना दीघौद स्थित राइजिंग सोल्स स्कूल पढ़ने आते हैं। 8 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे दो युवक स्कूल पहुंचे। उन्होंने नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाले एक बालक और एक बालिका को घर ले जाने की बात कही। युवकों ने स्कूल स्टाफ के सामने खुद को बच्चों का परिजन बताया। जब स्टाफ ने बच्चों के संबंध में जानकारी ली तो दोनों युवकों ने बालक और बालिका को भाई बताया। एक बालक और एक बालिका को भाई बताए जाने पर स्टाफ को उनकी पहचान और दावे को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद स्कूल कर्मचारियों ने बिना देरी किए बच्चों के माता-पिता को फोन किया और युवकों के बारे में जानकारी दी।
मां ने किसी को भेजने से किया इनकार
फोन पर बच्चों की मां ने स्पष्ट किया कि उन्होंने बच्चों को लेने के लिए किसी व्यक्ति को स्कूल नहीं भेजा है। परिजनों से बात होने के बाद स्कूल स्टाफ और सतर्क हो गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान युवकों को भनक लग गई कि स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के माता-पिता से संपर्क कर लिया है। इसके बाद दोनों युवक वहां से निकलने लगे और मौका मिलते ही स्कूल परिसर से भाग गए। घटना के बाद स्कूल में मौजूद स्टाफ ने बच्चों को सुरक्षित रखा और परिजनों को इसकी सूचना दी।
पिता ने CCTV फुटेज देखा, युवकों को पहचानने से इनकार
मामले की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के पिता स्कूल पहुंचे। उन्होंने स्कूल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। परिजनों के मुताबिक फुटेज में दिखाई दे रहे दोनों युवकों को वे पहचानते नहीं हैं और दोनों उनके परिचित भी नहीं हैं। घटना के बाद बच्चों के परिजनों में चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि यदि स्कूल स्टाफ ने युवकों की बात पर संदेह नहीं किया होता और बिना पुष्टि किए बच्चों को उनके साथ जाने दिया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
बदरवास थाने में लिखित शिकायत
मामले को लेकर बच्चों के परिजन शिवेन्द्र यादव निवासी ग्राम सींगाखेड़ी ने 9 सितंबर को बदरवास थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में दोनों अज्ञात युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। परिजनों ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने और यह पता लगाने की मांग की है कि वे स्कूल क्यों पहुंचे थे और बच्चों को अपने साथ ले जाने का प्रयास क्यों किया।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव के अनुसार स्कूल में लगे CCTV फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस बच्चों के परिजनों के बयान भी दर्ज करेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों युवक वास्तव में बच्चों को लेने किस उद्देश्य से स्कूल पहुंचे थे और उनकी पहचान क्या है।

