बीजेपी विधायक महेंद्र हार्डिया का छलका दर्द: खजराना में मंच से बोले- कई विकास कार्य कराने के बावजूद, यहां से वोट नहीं मिलते
Published:
2 min read

खजराना में कराए करोड़ों के काम, फिर भी नहीं मिलते वोट: बीजेपी विधायक।
इंदौर। खजराना क्षेत्र में विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक महेंद्र हार्डिया उर्फ बाबा ने अपने मन की टीस सार्वजनिक तौर पर जाहिर की। उन्होंने कहा कि खजराना क्षेत्र में हजारों विकास कार्य कराने के बावजूद उन्हें यहां से अपेक्षित समर्थन और वोट नहीं मिलते।
मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है खजराना
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 से करीब 25 वर्षों से विधायक महेंद्र हार्डिया ने कहा कि खजराना मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है और यहां लगातार विकास के काम किए गए हैं। सड़कों से लेकर अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के लिए सरकार और नगर निगम के माध्यम से करोड़ों रुपए के काम कराए गए हैं।
'कांग्रेस का प्रत्याशी इलाके में दिखाई तक नहीं देता'
विधायक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद कांग्रेस का प्रत्याशी खजराना क्षेत्र में दोबारा दिखाई तक नहीं देता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के बाद कांग्रेस प्रत्याशी यहां लोगों का हाल जानने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए कभी मुंह दिखाने भी नहीं आता, इसके बावजूद चुनाव में उसे भर-भरकर वोट मिलते हैं।
विधायक की टिप्पणी के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज
महेंद्र हार्डिया की इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। विकास कार्यों के लोकार्पण के मंच से विधायक ने अपने समर्थकों और क्षेत्र की जनता के बीच लंबे समय से महसूस की जा रही राजनीतिक टीस को खुलकर सामने रखा।
ये भी पढ़ें- गुना में सवर्ण संघर्ष मोर्चा का अनोखा प्रदर्शन: मुंडन कर सांसद-विधायक और केंद्र सरकार की निकाली अर्थी

