सागर की घटना से सहमा शिवपुरी : जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सिरसौद में मुनादी, सरपंच बोले- कच्ची शराब से दूर रहें ग्रामीण
Published:
2 min read

फाइल फोटो-
शिवपुरी। सागर में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत और 112 लोगों की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद अब गांवों में भी कच्ची और मिलावटी शराब के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। शिवपुरी जिले के करैरा जनपद की सिरसौद पंचायत में सोमवार को सरपंच अतर सिंह लोधी ने अनोखे तरीके से ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने ढपला बजवाकर पूरी पंचायत में मुनादी कराई और लोगों से कच्ची शराब से पूरी तरह दूरी बनाए रखने की अपील की।
ढपला बजा, गांव में हुई मुनादी
सरपंच अतर सिंह लोधी खुद मुनादी कराने वाले ढपला वाले के साथ गांव में घूमते नजर आए। इस दौरान ग्रामीणों को सागर में सामने आई जहरीली शराब की घटना की जानकारी दी गई। मुनादी के जरिए लोगों से कहा गया कि कच्ची या मिलावटी शराब के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें। ग्रामीणों को ऐसी शराब से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खतरों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
'सस्ती शराब के चक्कर में जान जोखिम में न डालें'
सिरसौद पंचायत में ग्रामीणों को समझाया गया कि शराब सस्ती मिलने के बावजूद यदि वह कच्ची या मिलावटी है तो जानलेवा साबित हो सकती है। सरपंच ने लोगों से अपील की कि वे खुद भी ऐसी शराब का सेवन न करें और परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। सरपंच की इस पहल को सागर की घटना के बाद ग्रामीण स्तर पर शराब के खतरे के प्रति जागरूकता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
सागर की घटना के बाद गांवों में बढ़ी चिंता
सागर जिले में जहरीली शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने और मौतों की खबर से इलाके में चिंता का माहौल है। अब तक 14 लोगों की मौत और 112 लोगों के बीमार होने की बात सामने आई है। मृतकों में पिता-पुत्र के शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। इसी बीच शिवपुरी के सिरसौद पंचायत में हुई मुनादी ने ग्रामीणों को कच्ची और मिलावटी शराब के खतरे को लेकर सतर्क करने का काम किया है।
ये भी पढ़ें- सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा खुलासा: यूपी के ललितपुर से संचालित होता था नकली शराब का रैकेट

