शिवपुरी में रिटायर्ड शिक्षक से ठगी: साइबर ठगों ने APK फाइल भेज मोबाइल किया हैक, बैंक खाते से 3.40 लाख रुपए गायब
Published:
3 min read

शिवपुरी: व्हाट्सएप पर APK फाइल भेजकर रिटायर्ड शिक्षक से 3.40 लाख की साइबर ठगी।
शिवपुरी। जिले के खनियांधाना क्षेत्र के बामोरकलां गांव में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जहां साइबर ठगों ने व्हाट्सएप पर APK फाइल भेजकर एक रिटायर्ड शिक्षक का मोबाइल हैक कर लिया और उनके बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित कैलाश नारायण सोनी का आरोप है कि उन्होंने 8 अक्टूबर को बामोरकलां थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने 27 अक्टूबर को FIR दर्ज की। अब पीड़ित परिवार ठगी की रकम वापस पाने के लिए बैंक, थाना और जिला साइबर सेल के चक्कर लगा रहा है।
APK फाइल डाउनलोड करते ही खाते से निकले पैसे
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड शिक्षक कैलाश नारायण सोनी के व्हाट्सएप पर एक लिंक के साथ APK फाइल आई थी। आरोप है कि फाइल डाउनलोड करते ही साइबर ठगों ने उनके मोबाइल और बैंकिंग ऐप तक अनधिकृत पहुंच बना ली। इसके बाद बैंक खाते से 3 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए गए। मोबाइल पर बैंक से रकम कटने के लगातार मैसेज आने के बाद पीड़ित को ठगी का पता चला। उनका कहना है कि ठगों ने न तो ATM कार्ड देखा और न ही बैंक का पासवर्ड या OTP पूछा। केवल APK फाइल डाउनलोड कराने के बाद ही खाते से रकम निकाल ली गई।
शिकायत के 19 दिन बाद FIR दर्ज होने का आरोप
पीड़ित शिक्षक के मुताबिक, उन्होंने घटना के बाद 8 अक्टूबर को बामोरकलां थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज नहीं की। करीब 19 दिन बाद 27 अक्टूबर को मामले में FIR दर्ज की गई। पीड़ित का कहना है कि शिकायत पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रकम वापस पाने बैंक और साइबर सेल के चक्कर काट रहा परिवार
खाते से बड़ी रकम निकलने के बाद से पीड़ित और उनका परिवार परेशान है। ठगी गई रकम वापस मिलने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद में परिवार बैंक, खनियांधाना थाना और जिला साइबर सेल शिवपुरी के चक्कर लगा रहा है। पीड़ित ने मामले में जल्द कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें
साइबर ठगी के ऐसे मामलों में अनजान नंबरों से आने वाली APK फाइल और लिंक मोबाइल के लिए खतरा बन सकते हैं। इनके जरिए निजी जानकारी और बैंकिंग ऐप तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति की भेजी गई APK फाइल डाउनलोड न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तुरंत बैंक को सूचित करें और 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं।
ये भी पढ़ें- मुरैना में चोरी की दो वारदातों का खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार; 12.60 लाख का माल बरामद

