कोरिया में शादी का झांसा देकर युवती का शोषण: 8 साल तक बनाता रहा हवस का शिकार, जांजगीर से आरोपी गिरफ्तार
Published:
2 min read

शादी का झांसा देकर 8 साल तक युवती का शोषण करने का आरोप, फाइल फोटो।
कोरिया। बैकुंठपुर में शादी का झांसा देकर युवती का करीब आठ वर्षों तक दैहिक शोषण करने के आरोप में कोरिया पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार आरोपी को पुलिस ने जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में दबिश देकर पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

शादी का झांसा देकर शोषण करने की शिकायत
पुलिस के अनुसार, थाना अजाक (कोरिया) में अपराध क्रमांक 12/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी शादी का झांसा देकर पिछले करीब आठ वर्षों से उसका दैहिक शोषण कर रहा था। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने 14 सितंबर 2026 को आखिरी बार इस घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
एसपी के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में डीएसपी नेलशन कुजूर के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। इसमें प्रधान आरक्षक शिव कुमार मिंज, आरक्षक भानु प्रताप और चालक आरक्षक अनुज बखला शामिल थे।
शिवरीनारायण में दबिश देकर पकड़ा
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान 29 अक्टूबर 2026 को जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण कुमार साहू (45), पिता बुल्लू राम साद, निवासी ग्राम खोरसी, थाना शिवरीनारायण, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें- मुरैना में चोरी की दो वारदातों का खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार; 12.60 लाख का माल बरामद

