शिवपुरी में टैंकर की टक्कर से मजदूर की मौत: बाइक से घर लौटते वक्त हादसा,15 दिन पहले हुआ था पिता का निधन; परिवार में दो मौतों से पसरा मातम
Published:
2 min read

शिवपुरी पचावली गांव मेंटैंकर की टक्कर से 27 वर्षीय मोनू आदिवासी की मौत। (फाइल फोटो
शिवपुरी। जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के पचावली गांव में सड़क हादसे में 27 वर्षीय मजदूर मोनू आदिवासी की मौत हो गई। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे मोनू को पीछे से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। दुखद पहलू यह है कि करीब 15 दिन पहले ही बीमारी के चलते उनके पिता रत्ती आदिवासी का निधन हुआ था। अब बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पचावली निवासी मोनू आदिवासी शुक्रवार को मजदूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान शिवपुरी की ओर से आ रहे टैंकर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मोनू को संभलने का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद उन्हें कोलारस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पेट्रोल पंप के टैंकर से हुई टक्कर
रन्नौद थाना प्रभारी राजीव दुबे ने बताया कि बाइक को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर ली गई है। हादसे में पेट्रोल पंप पर इस्तेमाल होने वाले टैंकर की टक्कर से मोनू की मौत हुई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
15 दिन में पिता-पुत्र को खोया
मोनू के परिवार पर एक के बाद एक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब 15 दिन पहले बीमारी के कारण उनके पिता रत्ती आदिवासी का निधन हुआ था। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि सड़क हादसे में मोनू की भी मौत हो गई। कम समय में पिता और बेटे को खोने से परिजन गहरे सदमे में हैं। वहीं, पचावली गांव में भी शोक का माहौल है।
ये भी पढे़ं- भोपाल के अन्ना नगर में 3 दिनों से बिजली संकट: गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम, 1.5 KM तक लगी वाहनों की कतार

