भोपाल के अन्ना नगर में 3 दिनों से बिजली संकट: गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम, 1.5 KM तक लगी वाहनों की कतार; कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना
Published:
2 min read

प्रदर्शन के कारण 1.5 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लगने से जाम की स्थिती बनी।
भोपाल। नरेला विधानसभा क्षेत्र के अन्ना नगर में पिछले तीन दिनों से बिजली की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज रहवासियों ने बीती रात मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण डेढ़ किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली संकट से परेशान लोगों ने किया चक्काजाम
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बकाया राशि का हवाला देकर बिजली विभाग के अधिकारियों ने इलाके की बिजली काट दी है। पिछले 3 दिनों से बिजली नहीं होने के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। रहवासियों के मुताबिक, बिजली संकट के चलते रात में नींद पूरी नहीं हो पा रही है। क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से भी लोग परेशान हैं। लोगों ने बताया कि बिजली नहीं होने से घरों के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। उनका कहना है कि विभाग के अधिकारियों को समस्या बताने के बावजूद ध्यान नहीं दिया गया, जिसके बाद उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।
डेढ़ किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार
चक्काजाम के चलते अन्ना नगर चौराहे की मुख्य सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। भेल दशहरा मैदान, डीआरएम ऑफिस और आईएसबीटी को जोड़ने वाला मार्ग बंद रहा। इससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर गोविंदपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर चक्काजाम की स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रदर्शन के दौरान महिला से जुड़ी घटना भी सामने आई
प्रदर्शन के दौरान एक गर्भवती महिला की बहन की चाबी निकालने की घटना भी सामने आई। हालांकि, इस घटना को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
कांग्रेस नेता ने मंत्री से मांगा जवाब
अन्ना नगर में बिजली संकट को लेकर कांग्रेस ने भी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता अभिनव बरोलिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बिजली समस्या से परेशान लोगों को अपनी बात रखने के लिए चक्काजाम करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग से सवाल किया कि जनता को बिजली संकट से स्थायी राहत कब मिलेगी।
ये भी पढे़ं- भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन: पनीर-दूध से लेकर मिठाई तक के नमूने फेल, 35 कारोबारियों पर केस

