शिवपुरी में शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर 60 लाख की ठगी: IPO में निवेश के नाम रकम कराई ट्रांसफर, व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए दिया झांसा; FIR दर्ज
Published:
2 min read

शेयर बाजार और IPO में निवेश कराने के नाम पर 60 लाख की ठगी।
शिवपुरी। शेयर बाजार और IPO में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 60 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। श्री शिवबिहार कॉलोनी, खिन्नी नाका निवासी ललित श्रीवास्तव को कथित तौर पर व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए निवेश के जाल में फंसाया गया। शिकायत के मुताबिक, उनसे अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपये जमा कराए गए। जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो संपर्क के माध्यम बंद हो गए। फरियादी की शिकायत पर फिजिकल थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर दिया मोटे मुनाफे का लालच
ललित श्रीवास्तव के मुताबिक, 25 मार्च 2026 को उन्हें ‘120 Lansdown Collective Combination Strategy’ नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। ग्रुप में शेयर बाजार और IPO में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने के संदेश दिए जा रहे थे। इन दावों पर भरोसा कर उन्होंने निवेश करना शुरू कर दिया।
एक लाख से शुरुआत, फिर जमा कराए लाखों रुपए
शिकायत के अनुसार, ललित श्रीवास्तव ने 27 अप्रैल 2026 को पहली बार एक लाख रुपये जमा किए। इसके बाद निवेश के नाम पर उनसे लगातार रकम ट्रांसफर कराई जाती रही। उन्होंने आखिरी बार 19 अगस्त 2026 को पांच लाख रुपये जमा किए। फरियादी का आरोप है कि 27 अप्रैल से 19 अगस्त के बीच उनसे कुल 60 लाख रुपए जमा कराए गए।
UPI, IMPS और RTGS के जरिए ट्रांसफर कराई रकम
फरियादी के मुताबिक, रकम अलग-अलग मोबाइल नंबरों से जुड़ी UPI ID और बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई। इसके लिए IMPS और RTGS जैसी बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल किया गया। कई बार रकम जमा करने के बाद जब उन्होंने अपना पैसा वापस निकालने की कोशिश की तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पैसे निकालने की कोशिश की तो बंद हो गया संपर्क
ललित श्रीवास्तव के अनुसार, रकम वापस मांगने पर संबंधित मोबाइल नंबर इनवैलिड बताने लगे और व्हाट्सएप कॉलिंग भी बंद हो गई। इसके बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। उन्होंने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। फिजिकल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। अब मामले में आगे की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- गुना में पराली जलाने पर प्रशासन का शिकंजा: 31 किसानों पर 85 हजार का जुर्माना ठोका, कलेक्टर ने दी कड़ी चेतावनी


