शिवपुरी में मोबाइल दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार: 2.36 लाख के 20 स्मार्टफोन बरामद, दीवार तोड़कर दिया था वारदात को अंजाम
Published:
2 min read

शिवपुरी में मोबाइल दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
शिवपुरी। जिले के नरवर में मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की कुल कीमत करीब 2 लाख 36 हजार रुपए बताई गई है।
दीवार तोड़कर दुकान से चुराए थे मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को फरियादी शत्रुधन कुशवाह ने नरवर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उनकी मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर मोबाइल फोन चोरी कर ले गए हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह भदौरिया ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोेपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है ,सोबू खान (23 वर्ष): पिता हमीद खान, निवासी इंद्रा कॉलोनी, नरवर। शिवम उर्फ गट्टा (19 वर्ष): पिता रमेश रजक, निवासी कानूनगो मोहल्ला, नरवर।
2.36 लाख रुपए के 20 मोबाइल बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 36 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

