दुर्ग के सुपेला फ्लाईओवर में लोहे की तारों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा: चालक को झपकी आने से हादसा, पुलिस की मदद से ट्रैफिक बहाल
Published:
2 min read

दुर्ग के सुपेला NH-53 फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा
दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-53 फ्लाईओवर पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से महाराष्ट्र की ओर जा रहा लोहे के तारों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक का टायर भी फट गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में राहगीर बाल-बाल बच गए।
वाहन चलाते समय ड्राइवर को आई, ट्रक हादसे का शिकार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक को वाहन चलाते समय झपकी आ गई थी, जिसके चलते ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया और उसमें लदे लोहे के तार सड़क पर फैल गए।
हादसे के बाद सड़क पर लोहे की तारें फैल गई
हादसे के बाद फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक पलटने से NH-53 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो गई। सड़क पर ट्रक और लोहे के तारों के फैल जाने से आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए मार्ग को सुचारू कराया।
पुलिस की मदद से यातायात बहाल
पुलिस की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल किया गया। फिलहाल यह मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। हादसे के बाद एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन चालकों को पर्याप्त आराम करने और नींद आने पर वाहन नहीं चलाने की जरूरत सामने आई है।
ये भी पढ़ें - सीधी में गेस्ट टीचर का फर्जी आदेश सोशल मीडिया पर वायरल: पत्र पर न तो साइन न ही सील; DEO ने किया खंडन, जांच के दिए सख्त निर्देश

