शिवपुरी के मीट मार्केट में बाइक का सेल्फ दबाते ही निकली चिंगारी: देखते ही देखते भड़की आग; फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, टला बड़ा हादसा
Published:
2 min read

शिवपुरी मीट मार्केट में बाइक में लगी आग, (फाइल फोटो)
शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित मीट मार्केट में रविवार को बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बाइक स्टार्ट करने के दौरान निकली चिंगारी ने कुछ ही पलों में आग का रूप ले लिया। मौके पर मौजूद दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
सेल्फ दबाते ही निकली चिंगारी
जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी राजकुमार माझी अपनी अपाचे बाइक से मीट खरीदने मार्केट आया था। बाइक खड़ी करने के बाद जैसे ही उसने स्टार्ट करने के लिए सेल्फ दबाया, उसमें से तेज चिंगारी निकली और आग लग गई। देखते ही देखते बाइक से लपटें उठने लगीं।
दुकानदारों ने किया बचाव का प्रयास
अचानक आग लगने से आसपास मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, ताकि लपटें आसपास की दुकानों तक न पहुंचें। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग बुझाई। घटना में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची। फिजिकल थाना पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।

