धमतरी में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से पहले प्रशासन का कड़ा एक्शन: कोलियारी में सुयश ट्रेडिंग पर छापा; 10 क्विंटल अवैध धान जब्त, केस दर्ज
Published:
2 min read

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने गठित किया संयुक्त उड़नदस्ता दल
धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही अवैध धान भंडारण और परिवहन पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कोचियों और बिचौलियों द्वारा अवैध रूप से धान का भंडारण कर उसे खरीदी केंद्रों में खपाने की आशंका को देखते हुए जिले के सभी विकासखंडों में संयुक्त उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है।
कोलियारी गांव में सुयश ट्रेडिंग पर छापा, 10 क्विंटल से ज्यादा धान का अवैध भंडारण
इसी कड़ी में 31 अक्टूबर को धमतरी विकासखंड के उड़नदस्ता दल ने ग्राम कोलियारी स्थित सुयश ट्रेडिंग प्रतिष्ठान में आकस्मिक जांच की। प्रतिष्ठान के संचालक शत्रुघन सोनकर के यहां खाद्य विभाग एवं कृषि उपज मंडी धमतरी के अधिकारियों ने जांच के दौरान 26 कट्टा (10.40 क्विंटल) धान का अवैध भंडारण पाया। मामले में अधिकारियों ने संबंधित धान को जब्त करते हुए संचालक के विरुद्ध मंडी अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाना उद्देश्य
प्रशासन द्वारा राजस्व, कृषि, खाद्य, सहकारिता एवं कृषि उपज मंडी विभाग के अधिकारियों को शामिल कर गठित उड़नदस्ता दलों के माध्यम से अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें - सागर के राहतगढ़ में इंसानियत शर्मसार: खेत में लावारिस बैग के अंदर मिला नवजात बच्ची का शव, पुलिस जांच में जुटी

