सागर के राहतगढ़ में इंसानियत शर्मसार: खेत में लावारिस बैग के अंदर मिला नवजात बच्ची का शव, पुलिस जांच में जुटी
Published:
2 min read

सागर में खेत के अंदर लावारिस बैग में मिला नवजात बच्ची का शव
सागर। जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। राहतगढ़ के ग्राम टेहरा टेहरी में एक खेत के अंदर लावारिस बैग में नवजात बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेत में पड़ा था लावारिस बैग, खोलने पर सामने आया मामला
जानकारी के मुताबिक, ग्राम टेहरा टेहरी में रामझरिया मंदिर के पास शंकर शर्मा के खेत में एक लावारिस बैग पड़ा हुआ था। खेत मालिक की नजर जब बैग पर पड़ी तो उन्होंने उसे खोलकर देखा। अंदर नवजात बच्ची का शव देखकर वह हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल गांव के कोटवार निरंजन अठ्या को इसकी सूचना दी।
कोटवार की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही कोटवार निरंजन अठ्या घटनास्थल पर पहुंचे। बैग के अंदर नवजात बच्ची का शव मिलने की पुष्टि होने पर उन्होंने राहतगढ़ थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बच्ची को खेत में कौन छोड़ गया? पुलिस खंगाल रही जानकारी
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर नवजात बच्ची को खेत तक कौन लेकर पहुंचा? उसे बैग में रखकर वहां किसने छोड़ा? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है। बच्ची को वहां किन परिस्थितियों में छोड़ा गया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
निरंजन अठ्या, ग्राम कोटवार

