शिवपुरी में युवक की मौत पर परिजनों का हंगामा: हत्या कर शव फेंकने का आरोप, NH-46 पर 4 घंटे तक किया चक्काजाम; 2 अज्ञात लोगों पर FIR
Published:
2 min read

शिवपुरी के कोलारस में 35 वर्षीय हिरेंद्र धाकड़ का शव मिलने पर परिजनों ने NH-46 पर चक्काजाम किया।
शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में NH-46 पर गिलगवां गांव के पास सड़क किनारे मिले 35 वर्षीय युवक के शव को लेकर शुक्रवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ जाम दोपहर 2 बजे तक चला। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस द्वारा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम खोला गया।
ट्रैक्टर से खेत जोतने निकला था युवक
मोहराई गांव निवासी 35 वर्षीय हिरेंद्र धाकड़ गुरुवार शाम करीब 4 बजे ट्रैक्टर से खेत जोतने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने कई बार फोन लगाया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। रात करीब 3 बजे पुलिस की डायल 112 टीम ने हिरेंद्र की पत्नी भारती धाकड़ को फोन कर सड़क पर शव पड़े होने की सूचना दी। मृतक के भाई अभय प्रताप सिंह धाकड़ के मुताबिक, हिरेंद्र का शव सड़क पर पड़ा था, जबकि ट्रैक्टर उससे करीब 25 फीट दूर सुरक्षित खड़ा मिला।

मोबाइल कॉल और ट्रांजेक्शन की जांच की मांग
अभय प्रताप का आरोप है कि रात 2 से 3 बजे के बीच हिरेंद्र के मोबाइल से कुछ अज्ञात नंबरों पर बातचीत हुई थी। मोबाइल से पैसों का ट्रांजेक्शन भी किया गया था। परिजनों ने संबंधित नंबरों और लेनदेन की जांच कर संदिग्धों को पकड़ने की मांग की है। परिजनों ने मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और शव हाईवे पर रखकर प्रदर्शन किया।
दो अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज
कोलारस थाना प्रभारी जितेंद्र चंदेलिया ने बताया कि हिरेंद्र की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। फिलहाल शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। परिजनों की शिकायत पर BNS की धारा 106 के तहत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के परिजन

