शिवपुरी में दुकानदारों और नगर पालिका टीम के बीच विवाद: सड़क पर बैठीं महिलाएं, यातायात प्रभावित; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
Published:
3 min read

शिवपुरी में अतिक्रमण कार्रवाई को लेकर दुकानदारों-नगर पालिका टीम के बीच विवाद, सड़क पर बैठीं महिलाएं।
शिवपुरी। शहर के कोर्ट रोड स्थित गांधी चौक पर बुधवार को मनिहारी दुकानदारों और नगर पालिका की अतिक्रमण टीम के बीच दुकान लगाने की जगह को लेकर विवाद हो गया। कार्रवाई का विरोध करते हुए महिला दुकानदार सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और जाम जैसे हालात बन गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को सड़क से हटाकर स्थिति संभाली।
दीपावली पर बाजार में भीड़ कम करने की तैयारी
गांधी चौक पर पटवा समाज के लोग कई वर्षों से मनिहारी की दुकानें लगाते आ रहे हैं। दीपावली के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कोर्ट रोड को आदर्श रोड घोषित किया है। इसके तहत सड़क पर हाथ ठेले लगाने, दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने और चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। इसका उद्देश्य बाजार में लोगों के आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह बनाए रखना है।
पुराना बस स्टैंड पर जगह मिलने के बाद भी नहीं हटाईं दुकानें
प्रशासन ने गांधी चौक पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को पुराने प्राइवेट बस स्टैंड पर जगह उपलब्ध कराई थी। इसके बावजूद दुकानदारों ने अपनी दुकानें वहां नहीं लगाईं। बाद में उन्हें दीपावली तक गांधी चौक पर तय सीमा में दुकानें लगाने की अनुमति दी गई। आरोप है कि कुछ दुकानदारों ने तय सीमा से ज्यादा जगह घेर ली। कुछ ने दो से तीन दुकानें तक लगा लीं। इससे सड़क पर आवागमन के लिए जगह कम हो गई और यातायात बाधित होने लगा।
अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम तो सड़क पर बैठीं महिलाएं
बुधवार को नगर पालिका की अतिक्रमण टीम गांधी चौक पहुंची और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान दुकानदारों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। कार्रवाई से नाराज महिला दुकानदार सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को सड़क से हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
हर दुकानदार को मिलेगी 6 फीट जगह
नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी अशोक खरे ने बताया कि दुकानदारों को दीपावली तक सीमित जगह में दुकानें लगाने की अनुमति दी गई थी, लेकिन कुछ दुकानदारों ने तय सीमा से बाहर तक दुकानें फैला ली थीं। उन्होंने बताया कि बुधवार को मौके पर नपती कर प्रत्येक दुकानदार के लिए छह फीट जगह तय की गई है। निर्धारित सीमा से बाहर दुकान लगाने पर सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- छतरपुर में मजदूरी के 20 रुपए के विवाद ने ली मजदूर की जान: पत्नी ने लगाया मारपीट और जहर देने का आरोप...

