सहकारी बैंक का कर्ज नहीं चुकाने पर शिवपुरी प्रशासन सख्त: 12 बकायादारों की जमीनें कुर्क, नीलामी से होगी राशि की वसूली: कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई
Published:
2 min read

शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर बैंक के 12 बकायादारों की जमीन कुर्क, होगी नीलामी।
शिवपुरी। सहकारी बैंक की बकाया राशि वसूलने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शिवपुरी तहसील क्षेत्र में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित से जुड़े 12 बकायादारों की जमीन कुर्क की गई है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर तहसीलदार सिद्धार्थ भूषण शर्मा ने यह कार्रवाई की। अब कुर्क की गई जमीनों की नीलामी के जरिए बैंक की बकाया राशि वसूल की जाएगी।
नोटिस के बाद भी नहीं चुकाया बैंक का कर्ज
प्रशासन के अनुसार, पुरानी शिवपुरी और कोटा की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों से जुड़े बकायादारों की सूची बैंक से मिलने के बाद तहसीलदार न्यायालय में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर 27 अक्टूबर तक बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय तक राशि जमा नहीं करने और उपस्थित नहीं होने पर प्रशासन ने उनकी जमीन कुर्क करने की कार्रवाई की।
बांसखेड़ी के 8 बकायादारों की जमीन कुर्क
प्रशासन ने ग्राम बांसखेड़ी के आठ बकायादारों की जमीन कुर्क की है। इनमें गुरदेव सिंह पर 23,08,362 रुपए, गुरमीत कौर पर 1,23,315 रुपए, गुरप्रीत सिंह पर 2,53,975 रुपए, दीदार सिंह पर 3,39,679 रुपए और सतनाम सिंह पर 3,29,390 रुपए बकाया हैं। इसी तरह गुरजिंदर कौर पर 1,05,004 रुपए, गुरविंदर कौर पर 3,58,296 रुपए और जगजीत सिंह पर 3,02,275 रुपए की बकाया राशि है। प्रशासन ने इन सभी की संबंधित सर्वे नंबरों वाली जमीन कुर्क की है।
चार अन्य गांवों में भी कार्रवाई
बैंक की बकाया राशि वसूलने के लिए बरेठ, भगौरा, करई और कोटा गांवों में भी कार्रवाई की गई।
- बरेठ: कप्तान सिंह गुर्जर पर 1,66,525 रुपए बकाया।
- भगौरा: जहार सिंह पर 1,91,903 रुपए बकाया।
- करई: मारकूलिन गिल पर 1,94,193 रुपए बकाया।
- कोटा: जसवीर सिंह पर 1,84,653 रुपए बकाया।
प्रशासन ने इन चारों बकायादारों की जमीन भी कुर्क कर ली है।
जमीनों की नीलामी से वसूली जाएगी राशि
प्रशासन के मुताबिक, मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 147 के तहत कुर्क की गई संपत्तियों की नीलामी के माध्यम से बैंक की बकाया राशि वसूल की जाएगी। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सहकारी बैंक के बकायादारों से राशि वसूलने के लिए सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब कुर्क की गई जमीनों की नीलामी के जरिए बैंक का बकाया कर्ज वसूलने की तैयारी है।


