शिवपुरी में सेंट्रल बैंक लूटने पहुंचे नकाबपोश बदमाश: पिस्टल दिखाकर मांगा कैश, नकदी नहीं मिलने पर लौटे आरोपी; CCTV में कैद हुई घटना
Published:
2 min read

शिवपुरी में सेंट्रल बैंक लूटने पहुंचे नकाबपोश बदमाश, पिस्टल दिखाकर मांगा कैश, CCTV कैमरे में कैद हुई घटना।
शिवपुरी। जिले में गुरुवार शाम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। दो नकाबपोश बदमाश पिस्टल लेकर बैंक में घुसे और कर्मचारियों को धमकाकर नकदी मांगी। हालांकि, बैंक में कैश नहीं मिलने के कारण आरोपी बिना लूट किए ही फरार हो गए। उनका तीसरा साथी बाइक लेकर बैंक के बाहर खड़ा था। पूरी घटना बैंक में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों से मांगे पैसे
जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 7 बजे की है। दो बदमाश बैंक के अंदर पहुंचे, जबकि उनका तीसरा साथी बाइक लेकर बाहर इंतजार कर रहा था। अंदर घुसे बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर कर्मचारियों से कैश देने को कहा। कर्मचारियों ने बताया कि बैंक का कामकाज बंद हो चुका है और मैनेजर चाबी लेकर जा चुके हैं। इसके बाद बदमाश करीब पांच मिनट में बैंक से बाहर निकल गए। तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। चेहरा ढका होने के कारण कर्मचारी उनकी पहचान नहीं कर सके।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति, एसडीओपी सचिन धुर्वे और कोतवाली थाना प्रभारी पुनीत कुमार बाजपेई पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे। अधिकारियों ने बैंक कर्मचारियों और प्रबंधन से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
13 दिन पहले भी बैंक में चोरी की कोशिश
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं, क्योंकि 16 अक्टूबर की रात भी अज्ञात लोगों ने इसी बैंक में चोरी करने की कोशिश की थी। उस समय बैंक प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पिछली घटना की जांच पूरी होने से पहले ही अब हथियारबंद बदमाशों ने लूट का प्रयास कर दिया।
मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज
बीच बाजार स्थित बैंक में लगातार हुई घटनाओं से कर्मचारियों में डर का माहौल है। पुलिस ने बैंक मैनेजर प्रशांत खरे की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस पिछली चोरी की कोशिश और गुरुवार की घटना के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- करवा चौथ पर व्रत नहीं रखने से नाराज पति पहुंचा थाने: पत्नी पर लगाया बेवफाई का आरोप, बोला- पूजा नहीं की तो दे दूंगा तलाक...
आर डी प्रजापति, ASP

