करवा चौथ पर व्रत नहीं रखने से नाराज पति पहुंचा थाने: पत्नी पर लगाया बेवफाई का आरोप, बोला- पूजा नहीं की तो दे दूंगा तलाक; शिवपुरी का अनोखा मामला बना चर्चा का विषय
Published:
2 min read

करवा चौथ पर पत्नी ने व्रत नहीं रखा तो थाने पहुंचा पति, AI फोटो।
शिवपुरी। करवा चौथ पर पत्नी द्वारा व्रत नहीं रखने से नाराज एक पति पुलिस थाने पहुंच गया। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में पति ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायती आवेदन देकर आरोप लगाया कि वह उसके लिए करवा चौथ का व्रत नहीं रख रही और चांद की पूजा भी नहीं कर रही। पति ने आवेदन में यहां तक कह दिया कि अगर पत्नी ने उसके लिए पूजा नहीं की तो वह उसे तलाक दे देगा। यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
पत्नी पर लगाए बेवफाई के आरोप
जानकारी के अनुसार, बदरवास थाना क्षेत्र के बिजरावन गांव निवासी युवक ने थाना प्रभारी के नाम आवेदन दिया है। इसमें उसने अपनी पत्नी पर करवा चौथ का व्रत नहीं रखने का आरोप लगाया है। पति का कहना है कि उसने पत्नी से चांद देखकर पूजा करने के लिए कहा था, ताकि उसकी उम्र लंबी हो, लेकिन पत्नी ने उसकी बात नहीं मानी। युवक ने आवेदन में पत्नी पर बेवफाई करने और उसे मारने की इच्छा रखने जैसे आरोप भी लगाए हैं।
पति-पत्नी के बीच समन्वय कराएगी पुलिस
मामले में एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि युवक ने पत्नी के खिलाफ आवेदन दिया है। पुलिस महिला अधिकारी के माध्यम से पति-पत्नी के बीच समन्वय स्थापित कराने का प्रयास करेगी, ताकि दोनों के बीच आपसी समझ विकसित हो सके और विवाद का समाधान निकाला जा सके।
अनोखी शिकायत बनी चर्चा का विषय
करवा चौथ पर पत्नी द्वारा पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखने की परंपरा है। ऐसे में व्रत नहीं रखने को लेकर पति के थाने पहुंचने और तलाक देने की बात कहने का यह मामला चर्चा में है। अब पुलिस की कोशिश है कि दोनों के बीच बातचीत कराकर विवाद को सुलझाया जा सके।

