शिवपुरी के बदरवास में महिला की हत्या: रास्ते के विवाद में कुल्हाड़ी मारकर ली थी जान, 5 आरोपी गिरफ्तार; ट्रैक्टर व हथियार जब्त
Published:
3 min read

पुराने विवाद के चलते महिला को कुल्हाड़ी मारकर ली थी जान
शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के छोटी खजूरी गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुई महिला भूरिया बाई जाटव की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर, कुल्हाड़ी, लाठी और लोहे की लुहांगी जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले के अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
रास्ते के विवाद में दो पक्षों के बीच हुआ था झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे छोटी खजूरी गांव में पप्पू जाटव के घर के सामने रास्ते को लेकर पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था।
फरियादी बारेलाल जाटव के अनुसार, भोला जाटव ट्रैक्टर लेकर आया और परिवार के लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग कुल्हाड़ी, लाठी, फरसा और बल्लम लेकर पहुंचे और मारपीट करने लगे।
कुल्हाड़ी के हमले में महिला की मौत
फरियादी के मुताबिक, विवाद के दौरान दुर्गेश जाटव ने कुल्हाड़ी से भूरिया बाई के सिर पर हमला किया। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में परिवार के अन्य लोग भी घायल हुए थे।
इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था।
खेत में छिपे मिले पांच आरोपी
पुलिस के अनुसार, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई थी। 31 अक्टूबर को थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम खजूरी के हार में छिपे हुए हैं।
इसके बाद एएसपी रामदास प्रजापति और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान भोला जाटव, दुर्गेश जाटव, भागीरथ जाटव, विनोद जाटव और शीलकुमार जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस घटना को लेकर दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।

