शिवपुरी में 100 यात्रियों से भरी बस पलटी: शराब पीकर गाड़ी चला रहा ड्राइवर फरार, राजकोट से कानपुर जा रही थी स्लीपर कोच बस
Published:
2 min read

शिवपुरी में 100 यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस पलटी ।
शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एनएच-27 पर करीब 100 यात्रियों से भरी स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से करेरा स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
राजकोट से कानपुर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक AR11B5067 गुजरात के राजकोट से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही थी। बस शुक्रवार सुबह रवाना हुई थी। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे अमोला क्षेत्र में पहुंचते ही अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 100 यात्री सवार थे, जबकि क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं।
ड्राइवर पर शराब पीने का आरोप
बस यात्री सचिन कुमार ने आरोप लगाया कि करीब 1300 किलोमीटर के सफर के लिए बस में सिर्फ एक ड्राइवर था। हादसे से कुछ किलोमीटर पहले ड्राइवर ने एक होटल पर बस रोकी थी, जहां उसने शराब पी। इसके बाद बस चलाते समय वह नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सेंगर ने बताया कि बस ओवरलोड थी और हादसे के बाद ड्राइवर फरार हो गया। किसी यात्री को गंभीर चोट आने की जानकारी नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

