शहडोल रेलवे स्टेशन पर iPhone देखकर बिगड़ी नीयत: आरोपियों ने पहले की दोस्ती, फिर शराब पार्टी के बहाने युवक को लूटा, चारों को पुलिस ने दबाचो
Published:
3 min read

शहडोल में iPhone और नकदी चुराने वाले 4 चोर गिरफ्तार ।
शहडोल। महंगा आईफोन पाने की चाहत कुछ युवकों को इतनी भारी पड़ गई कि उन्हें जेल पहुंचना पड़ा। शहडोल में आईफोन देखकर 4 आरोपियों ने एक युवक को निशाना बनाया। पहले उससे दोस्ती की, फिर शराब पार्टी का लालच देकर अपने साथ ले गए। इसके बाद मौका पाकर उसका महंगा आईफोन और 22 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। हालांकि, कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया मोबाइल और पूरी नकदी बरामद कर ली है।
रेलवे स्टेशन पर आईफोन देखकर बदली नीयत
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रहने वाले विकास कोल नागपुर से ट्रेन के जरिए शहडोल पहुंचे थे। रात में घर जाने का साधन नहीं मिलने के कारण वह रेलवे स्टेशन पर ही रुके हुए थे। इसी दौरान शहडोल निवासी विकास लोधी, राज जायसवाल, सागर बर्मन और एक अन्य उनके संपर्क में आए। बताया जा रहा है कि आरोपियों की नजर विकास के महंगे आईफोन पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर उसे अपने झांसे में लिया और शराब पार्टी का लालच देकर अपने साथ ले गए।
सुनसान जगह पर ले जाकर मोबाइल और नकदी चोरी
आरोपियों ने पीड़ित को शराब पिलाई और रेलवे स्टेशन कॉलोनी के एक सुनसान स्थान पर ले गए। इसी दौरान मौका पाकर उसके पास रखा आईफोन और 22 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। खुद के साथ हुई घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गया आईफोन और पूरी 22 हजार रुपए की नकदी बरामद कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
कोतवाली प्रभारी ने दी मामले की जानकारी
कोतवाली प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रहने वाले विकास कोल रात में घर जाने का साधन नहीं मिलने के कारण रेलवे स्टेशन पर रुके हुए थे। इसी दौरान 4 आरोपियों ने उन्हें बहला-फुसलाकर शराब पिलाई और सुनसान जगह पर ले जाकर आईफोन और 22 हजार रुपए चोरी कर लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी गया आईफोन और पूरी नकदी बरामद कर ली गई है।
ये भी पढे़ं- कटनी में CBI-ACB का बड़ा एक्शन: 45 हजार की घूस लेते रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा



