शहडोल में नकली नोटों का बड़ा कारोबार बेनकाब: 8.71 लाख रुपए की जाली करेंसी के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार; प्रिंटर और बाइक जब्त
Published:
2 min read

शहडोल में नकली नोटों बनाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार।
शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में नकली भारतीय करेंसी के कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है। खैरहा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500 और 200 रुपए के कुल 1,803 नकली नोट बरामद किए गए हैं। इनकी कीमत 8 लाख 71 हजार 200 रुपए बताई गई है। पुलिस ने नोट छापने में इस्तेमाल किया जा रहा प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
छिरहटी गांव के पास पुलिस ने की घेराबंदी
6 नवंबर को खैरहा थाना पुलिस को नकली नोटों के लेनदेन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम छिरहटी के पास घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद बैग से नकली नोट बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
500 और 200 रुपए के 1,803 नकली नोट बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपए के 1,702 और 200 रुपए के 101 नकली नोट जब्त किए हैं। इस तरह कुल 1,803 नकली नोट बरामद हुए, जिनकी कीमत 8 लाख 71 हजार 200 रुपए है। इसके अलावा नोट छापने में इस्तेमाल किया जा रहा प्रिंटर और होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

शहडोल, अनूपपुर और डिंडौरी के पांच आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शहडोल, अनूपपुर और डिंडौरी जिले के निवासी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, नकली नोटों के साथ प्रिंटर और मोटरसाइकिल सहित जब्त सामान की कुल कीमत 9 लाख 21 हजार 700 रुपए आंकी गई है।
नकली नोटों के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां छापे जा रहे थे और उन्हें बाजार में चलाने की क्या योजना थी। इसके साथ ही इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में कुछ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना है।

