शहडोल में SBI बैंक से पैसा निकालने पहुंचे ग्राहक से अभद्रता: बैंक मैनेजर ने कहा-'जहां शिकायत करनी है कर दो, वैध पैसा निकालने और उचित कार्रवाई की मांग
Published:
2 min read

शहडोल में SBI बैंक से पैसा निकालने पहुंचे ग्राहक से अभद्रता
शहडोल। बैंक में ग्राहक अपना पैसा जमा करता है, ताकि जरूरत पड़ने पर उसे निकाल सके, लेकिन जब अपने ही खाते में जमा वेतन की रकम निकालने के लिए ग्राहक को बैंक के चक्कर लगाने पड़ें और बदले में उसे कथित तौर पर अपमानजनक बातें सुननी पड़ें, तो बैंकिंग व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। शहडोल जिले के देवलोंद स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां शाखा प्रबंधक पर ग्राहक को सबके सामने बेइज्जत करने और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है।
बैंक खाते में साइबर शाखा द्वारा 1500 रुपए होल्ड
मामले में मैहर जिले की रामनगर तहसील के ग्राम करी निवासी रावेन्द्र कुशवाहा ने देवलोंद थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत के मुताबिक, उनके बैंक खाते में साइबर शाखा द्वारा करीब 1500 रुपए होल्ड किए गए थे। आरोप है कि 19 सितंबर को बैंक से उन्हें बताया गया था कि इस राशि को छोड़कर बाकी रकम निकाली जा सकती है।
खुद के पैसे निकालने से शाखा प्रबंधन ने किया मना
इसके बाद ग्राहक ने खाते में वेतन की राशि जमा कराई, लेकिन 2 नवंबर को जब वह पैसे निकालने बैंक पहुंचा तो उसे कथित तौर पर मना कर दिया गया। ग्राहक ने 1500 रुपये छोड़कर शेष रकम देने का आग्रह किया, लेकिन आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने सबके सामने कह दिया तू यहां खाता खुलवाने आया था क्या, क्या मैं तुझे बुलाने गया था,शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने अपने ही पैसे के लिए आग्रह किया तो उसे यह भी कहा गया कि जहां शिकायत करना है कर दो, पैसे नहीं निकलेंगे।
पीड़ित की वैध राशि उपलब्ध कराने की मांग
अब मामला थाने पहुंच चुका है। ग्राहक ने बैंक प्रबंधक के व्यवहार की जांच, उचित कार्रवाई और खाते में उपलब्ध वैध राशि दिलाने की मांग की है। हालांकि, बैंक प्रबंधक का पक्ष सामने नहीं आया है। वही इस मामले में देवलौंद थाना प्रभारी ज्याउल हक का कहना है कि मामले की शिनायत अभी तक मेरे पास नहीं आई है यदि इस तरह शिकायत या मामला संज्ञानी आता है तो निश्चित तौर पर कार्यवाही की जाएगी।

