जमानत पर रिहा हुए हत्या आरोपी का शक्ति प्रदर्शन : बोलेरो के बोनट पर बैठकर निकाली रैली, पी सिगरेट; बाइक जुलूस का वीडियो वायरल
Published:
3 min read

सतना में हत्या का आरोपी जेल से छूटते ही बोलेरो के बोनट पर बैठकर निकला।
सतना। हत्या के मामले में 14 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए आरोपी का रिहाई के बाद जश्न मनाने का अंदाज चर्चा में है। जेल से बाहर आते ही मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल (23) का उसके साथियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए बाइक रैली के साथ शहर की सड़कों पर निकला। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम जेल से रिहा होने के बाद आरोपी के साथियों ने जेल परिसर के बाहर उसका स्वागत किया। इसके बाद फूल-मालाओं से लदे आरोपी को बोलेरो के बोनट पर बैठाया गया। काफिला बिड़ला रोड होते हुए सिद्धार्थ कॉलोनी स्थित उसके घर तक पहुंचा। इस दौरान बाइक सवार युवक भी रैली में शामिल रहे।
सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में था जेल में बंद
मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल पर 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में आरोप हैं। यह घटना 4 सितंबर को कोलगवां थाना क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, सूर्यप्रताप अपने दोस्त आदित्य के साथ चाय पीने के बाद बस स्टैंड जाने के लिए बाइक पर बैठ रहा था। इसी दौरान वहां कुछ युवक पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। बताया गया कि विवाद के दौरान एक युवक ने सूर्यप्रताप का मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर कट्टे से फायर किया गया। इसी बीच सत्यम ने साथियों को हथियार रखने के लिए कहा, जिसके बाद विवाद ने दूसरा रूप ले लिया। आरोप है कि सचिन पाल ने सत्यम के सीने में गोली मार दी।
अस्पताल के गेट पर छोड़कर भागे थे आरोपी
गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि उसे अस्पताल के अंदर भर्ती कराने के बजाय आरोपी बिरला हॉस्पिटल के गेट पर छोड़कर भाग गए। प्राथमिक उपचार के बाद सत्यम को रीवा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस मामले में मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल अपने तीन अन्य साथियों के साथ करीब 14 महीने से जेल में बंद था। अब जमानत पर रिहाई के बाद उसके स्वागत और बाइक रैली का वीडियो सामने आने से मामला फिर सुर्खियों में है।
जमानत पर रिहाई के बाद खुलेआम शक्ति प्रदर्शन
हत्या जैसे गंभीर मामले में आरोपी रहे युवक की रिहाई के बाद इस तरह जश्न मनाने और सार्वजनिक सड़क पर शक्ति प्रदर्शन करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीने और बाइक रैली के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की ओर से आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।
ये भी पढ़ें- रीवा में खेत की बाड़ में फैले करंट से युवती की मौत: देर रात पहुंची थी प्रेमी से मिलने, खेत मालिक पर केस दर्ज

