रीवा में खेत की बाड़ में फैले करंट से युवती की मौत: देर रात पहुंची थी प्रेमी से मिलने, खेत मालिक पर केस दर्ज
Published:
2 min read

बाड़ पार करते समय हुआ हादसा (फाइल फोटो)
रीवा। जिले के जवा थाना क्षेत्र में खेत की बाड़ में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। बताया गया कि युवती मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे अपने प्रेमी से मिलने खेत पर पहुंची थी। खेत में प्रवेश करने के लिए लोहे की तारों से बनी बाड़ पार करते समय वह करंट की चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रात में मिलने पहुंची थी युवती
जानकारी के अनुसार, युवती का प्रेम प्रसंग दूसरे गांव में रहने वाले 19 वर्षीय युवक से था। दोनों ने युवती के घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में मिलने की योजना बनाई थी। युवक करीब 2 किलोमीटर का सफर तय कर खेत पर पहुंचा था। कुछ देर बाद युवती भी घर से निकलकर वहां पहुंच गई।
बाड़ पार करते समय हुआ हादसा
बताया गया कि खेत के चारों ओर लोहे के कंटीले तारों की बाड़ लगाई गई थी, जिसमें करंट प्रवाहित किया जा रहा था। युवती ने बाड़ के नीचे से निकलने की कोशिश की, तभी वह करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रेमी ने भाई को दी सूचना
घटना के बाद घबराए युवक ने युवती के भाई को फोन कर हादसे की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एएसआई अखिलेश्वर सिंह के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची थी।
खेत मालिक पर मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, खेत में करंट प्रवाहित तारों की बाड़ लगाने वाले मालिक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रेमी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से आरोप लगाए जाने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

