सागर में 19 वर्षीय BBA छात्र ने यूनिवर्सिटी बिल्डिंग से लगाई छलांग, मौत: घटना से पहले भाई को भेजा वॉइस नोट, बीमारी-शारीरिक परेशानी का जिक्र; पुलिस जांच शुरू
Published:
2 min read

सागर में स्वामी विवेकानंद यूनिवर्सिटी के छात्र की संदिग्ध मौत (फाइल फोटो)
सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिरोंजा स्थित स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय में BBA द्वितीय सेमेस्टर के 19 वर्षीय छात्र प्रद्युम्न मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र ने विश्वविद्यालय की बिल्डिंग से छलांग लगा दी। घटना से कुछ देर पहले उसने अपने बड़े भाई को वॉइस नोट भेजा था, जिसमें बीमारी और शरीर में अंदरूनी दर्द से परेशान होने की बात कही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कॉलेज पहुंचने के कुछ देर बाद भेजा वॉइस नोट
पुलिस के अनुसार, मृतक प्रद्युम्न मिश्रा पिता स्वर्गीय देवेंद्र कुमार मिश्रा सुबह करीब 9 बजे कॉलेज पहुंचा था। इसके कुछ देर बाद उसने अपने बड़े भाई चैतन्य को मोबाइल पर वॉइस नोट भेजा। इसमें उसने अपनी बीमारी और शारीरिक परेशानी का जिक्र करते हुए परिवार से माफी मांगी थी। वॉइस नोट में मानसिक बीमारी का जिक्र होने की बात भी सामने आई है। इसके कुछ देर बाद ही छात्र ने विश्वविद्यालय की बिल्डिंग से छलांग लगा दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
CSP ललित कुमार कश्यप ने बताया कि विश्वविद्यालय की बिल्डिंग से छात्र के कूदने की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस छात्र के वॉइस नोट और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- शिवपुरी में टैंकर की टक्कर से मजदूर की मौत: बाइक से घर लौटते वक्त हादसा,15 दिन पहले हुआ था पिता का निधन
ललित कुमार कश्यप, CSP, सागर

