सागर में जनसुनवाई के दौरान परिवार ने की आत्मदाह की कोशिश: दबंगो पर 5 साल से परेशान करने और मारपीट का आरोप, 9 बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
Published:
2 min read

सागर में कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई के दौरान माधवकुटी निवासी एक परिवार ने आत्मदाह की कोशिश की।
सागर। पुलिस थाने के चक्कर लगाने और अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी न्याय की उम्मीद नहीं बचने पर एक परिवार मंगलवार को कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में रस्सी और पेट्रोल लेकर पहुंच गया। यहां पति-पत्नी ने अपने छोटे-छोटे बच्चों के सामने आत्मदाह करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
थैले में रस्सी और पेट्रोल लेकर पहुंचा परिवार
मामला उस समय सामने आया, जब माधवकुटी निवासी काशीबाई सौर अपने पति और तीन बच्चों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंची। परिवार के थैले में रस्सी और पेट्रोल से भरी बोतल थी। पति ने थैले से रस्सी निकाली, इसके बाद महिला ने पेट्रोल की बोतल निकालकर खुद पर पेट्रोल डालने का प्रयास किया। यह देखकर वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे रोक लिया।
इस दौरान महिला फूट-फूटकर रोने लगी। उसने अधिकारियों के सामने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि गढ़ाकोटा थाने में उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वह 9 बार शिकायत कर चुकी है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। महिला ने कहा कि अब वह परेशान होकर जीना नहीं चाहती।
5 साल से परेशान करने और मारपीट का आरोप
महिला ने अपनी शिकायत में उजियार सिंह लोधी, रविंद्र लोधी, जित्तू लोधी, मीनारानी लोधी और उमरानी लोधी सहित तीन अज्ञात लोगों पर पांच साल से परेशान करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि, 30 अक्टूबर को लकड़ी का खूंटा लगाने के विवाद में आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान उसे बाल पकड़कर घसीटा गया, जिससे उसका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया।
बच्चों के साथ भी मारपीट का आरोप
महिला के मुताबिक, बीच-बचाव करने पहुंची उसकी 16 वर्षीय बेटी आरती, 8 वर्षीय बेटे संतोष और 6 वर्षीय बेटी अर्चना के साथ भी मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों की धमकियों के चलते बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं।
अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया भरोसा
घटना के बाद अधिकारियों ने परिवार को समझाइश दी और शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिला शांत हुई। फिलहाल परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।
ये भी पढ़ें- त्यौहारी सीजन में एमपी के रेल यात्रियों को राहत: चर्लपल्ली-दानापुर के बीच चलेगी 24 कोच वाली स्पेशल ट्रेन
काशीबाई सौर, पीड़िता

