त्यौहारी सीजन में एमपी के रेल यात्रियों को राहत: चर्लपल्ली-दानापुर के बीच चलेगी 24 कोच वाली स्पेशल ट्रेन; इन जिलों में होगा ठहराव, देखें शेड्यूल
Published:
2 min read

त्यौहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चर्लपल्ली और दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाएगा। (फाइल फोटो)
जबलपुर। त्यौहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए चर्लपल्ली और दानापुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 07051/52 इस रूट पर तीन-तीन फेरे लगाएगी। खास बात यह है कि ट्रेन पश्चिम मध्य रेल के इटारसी, जबलपुर, कटनी, मैहर और सतना स्टेशनों पर ठहराव लेकर गुजरेगी। इससे इन स्टेशनों से बिहार और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
इस समय पर रवाना होगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 07051 चर्लपल्ली-दानापुर स्पेशल 2, 9 और 23 नवंबर को चर्लपल्ली स्टेशन से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 1:35 बजे यह इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 4:50 बजे जबलपुर, 6:10 बजे कटनी, 6:58 बजे मैहर और 7:30 बजे सतना पहुंचेगी। इसी दिन रात 7:45 बजे ट्रेन दानापुर स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 07052 दानापुर-चर्लपल्ली स्पेशल 3, 10 और 24 नवंबर को दानापुर स्टेशन से रात 9:15 बजे रवाना होगी। अगले दिन सुबह 7:10 बजे सतना, 7:45 बजे मैहर, 8:50 बजे कटनी, 9:45 बजे जबलपुर और दोपहर 2:50 बजे इटारसी पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 7:30 बजे चर्लपल्ली स्टेशन पहुंचेगी।
24 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए हैं। इनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 3, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 5, शयनयान श्रेणी के 10, सामान्य श्रेणी के 4 और एसएलआरडी के 2 कोच शामिल हैं।
इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव
दोनों दिशाओं में यह ट्रेन काजीपेट, पेड्डापल्ली, रामागुंडम, मनचेरियल, बेलमपल्ली, सिरपुर कागजनगर, बल्लारशाह, नागपुर, इटारसी, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशन पर रुकेगी।
ये भी पढ़ें- नीमच के वार्ड-6 में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य अटके: स्वीकृति और वर्क ऑर्डर के बाद भी शुरू नहीं हुआ काम

