नीमच के वार्ड-6 में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य अटके: स्वीकृति और वर्क ऑर्डर के बाद भी शुरू नहीं हुआ काम, रहवासी परेशान; पार्षद ने कलेक्टर से की शिकायत
Published:
2 min read

पार्षद दारासिंह यादव ने कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत देकर जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की।
नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 6 की गरीब बस्ती में विकास कार्यों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। शासन से आश्रय निधि के तहत सीसी रोड और नाली निर्माण की स्वीकृति मिलने, ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और ठेकेदार को कार्यादेश जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुए हैं। इसे लेकर वार्ड पार्षद एवं दीनदयाल मंडल भाजपा अध्यक्ष दारासिंह यादव ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की जनसुनवाई में लिखित शिकायत देकर जल्द काम शुरू कराने की मांग की है।
स्वीकृति और कार्यादेश के बाद भी निर्माण शुरू नहीं
पार्षद द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, नगरपालिका नीमच ने आश्रय निधि के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 6 की विभिन्न गलियों में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी थी। इसके बाद ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गईं। निविदा स्वीकृत होने के साथ ही अनुबंध और कार्यादेश जारी करने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई।
इसके बावजूद संबंधित निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं। पार्षद ने आवेदन में सवाल उठाया है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भी निर्माण कार्यों में देरी क्यों हो रही है।
दूसरे वार्डों में काम शुरू, वार्ड-6 के कार्य लंबित
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आश्रय निधि के तहत स्वीकृत अन्य निर्माण कार्यों की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन वार्ड क्रमांक 6 के सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य अब भी लंबित हैं। इस स्थिति को लेकर पार्षद ने वार्ड के विकास कार्यों में हो रही देरी पर सवाल उठाए हैं।
परेशान रहवासियों में बढ़ रही नाराजगी
पार्षद दारासिंह यादव का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से वार्ड के रहवासी परेशान हैं। स्थानीय लोग लगातार उनसे गलियों में सड़क और नाली निर्माण शुरू कराने की मांग कर रहे हैं। इसके चलते लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
पार्षद ने कलेक्टर से लगाई गुहार
पार्षद ने कलेक्टर से मांग की है कि नगरपालिका नीमच को तत्काल निर्देशित कर वार्ड क्रमांक 6 की विभिन्न गलियों में स्वीकृत सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य जल्द शुरू कराए जाएं।
ये भी पढे़ं- अनूपपुर में सोन नदी का पानी हुआ झागदार: 3 दिनों से बह रही सफेद परत, जल प्रदूषण की आशंका से बढ़ी चिंता
गुड्डी बाई,रहवासी
दारासिंह यादव,वार्ड पार्षद,वार्ड

