सागर में NH-44 किनारे बरकोटी जंगल में घायल बाघ दिखने से हड़कंप: पैरों में चोट; वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व की विशेष टीम रेस्क्यू में जुटी
Published:
2 min read

पत्थरों के पीछे छिपा बैठा बाघ (फाइल फोटो)
सागर। जिले के देवरी क्षेत्र में NH-44 के पास बरकोटी जंगल में एक बाघ घायल हालत में मिला है। उसके पैरों में चोट होने की आशंका है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाघ को चलने में भी परेशानी हो रही थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी।
पत्थरों के पीछे छिपा बाघ
मामला गुरुचौपड़ा के पास का है। सड़क किनारे बाघ दिखाई देने की खबर फैलते ही ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों के शोरगुल के बीच बाघ पत्थरों के पीछे छिपकर बैठ गया। उसकी मौजूदगी के कारण इलाके में हलचल बढ़ गई।
टाइगर रिजर्व से बुलाई टीम
वन विभाग ने बाघ की स्थिति का जायजा लेने के बाद वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई है। विभाग की प्राथमिकता बाघ को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसका उपचार कराना है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बाघ के पैरों में चोट कैसे लगी और उसकी हालत कितनी गंभीर है। वन विभाग ने लोगों से बाघ के पास नहीं जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
ये भी पढ़ें - सागर में इलेक्ट्रॉनिक गोदाम से लाखों के ईयरबड्स चोरी: 2 कर्मचोरी गिरफ्तार, CCTV के आधार पर 3 लाख का चोरी का माल बरामद

