सागर में शराब खरीदने पहुंचा युवक नकली नोटों के साथ पकड़ाया: एक ही सीरियल नंबर के सारे नोट; वीडियो वायरल, पुलिस हिरासत में आरोपी, जांच शुरू
Published:
2 min read

सागर में शराब खरीदने पहुंचा युवक नकली नोटों के साथ पकड़ाया
सागर। जिले में नकली नोट चलाने का मामला सामने आया है। यहां शराब खरीदने पहुंचे एक युवक को दुकान के कर्मचारियों ने संदिग्ध नोटों के साथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि युवक इससे पहले भी कई बार शराब दुकान पर नकली नोट चलाकर खरीदारी कर चुका था। मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नकली नोटों के साथ शराब खरीदते पकड़ा गया युवक
दरअसल, पूरा मामला सागर के कैंट थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन रोड स्थित शराब दुकान का है। जानकारी के मुताबिक, एक युवक शराब खरीदने के लिए दुकान पर पहुंचा और भुगतान के लिए नोट दिए। इसी दौरान दुकान के कर्मचारियों को नोटों पर संदेह हुआ। जांच करने पर एक ही सीरियल नंबर वाले नोट सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके बाद कर्मचारियों को नकली नोट होने का शक हुआ।
युवक को पुलिस के हवाले किया गया, पहले भी कई बार नकली नोटों से खरीद चुरा है शराब
कर्मचारियों ने युवक को पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक पहले भी कई बार इसी शराब दुकान पर नकली नोट चलाकर शराब खरीद चुका था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर संदिग्ध नोट जब्त किए हैं और उनकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में जुटी
अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि बरामद नोट वास्तव में नकली हैं या नहीं, युवक के पास ये नोट कहां से आए और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

