रीवा में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा: 45 ग्राम अफीम और बोलेरो के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, 11.70 लाख का सामान जब्त
Published:
2 min read

रीवा में अफीम तस्करी का भंडाफोड़, बोलेरो सवार पांच आरोपी गिरफ्तार
रीवा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पनवार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45 ग्राम अफीम, एक बोलेरो नियो वाहन और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 11 लाख 70 हजार रुपए बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, पनवार थाना पुलिस की टीम देहात भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो नियो में सवार कुछ लोग बरगढ़ की ओर से पनवार की तरफ अफीम बेचने के लिए आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लटियार मोड़ के आगे भौठी रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी में मिली 45 ग्राम अफीम
वाहन में पांच लोग सवार थे। पूछताछ में उनकी पहचान अंकित सिंह उर्फ बबुन (24), भरत सिंह उर्फ लकी (34), अजीत सिंह (32), किशन कुमार गुप्ता (25) और वाहन चालक शुभकरण विश्वकर्मा (39) के रूप में हुई। सभी आरोपी पनवार थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
वाहन और आरोपियों की तलाशी के दौरान पुलिस को 45 ग्राम अफीम मिली, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो नियो और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 एवं 17(बी) में मामला दर्ज किया है। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

