देवास में TI दिलीप पुरी की मौत के बाद एक्शन में पन्ना पुलिस: आधी रात को सड़कों पर उतरी टीम, अवैध शराब के खिलाफ चलाया संयुक्त चेकिंग अभियान
Published:
3 min read

पन्ना में आबकारी और पुलिस का संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान
पन्ना। जिले में अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से रात में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नागौद-कालींजर राजमार्ग पर पहाड़ीखेड़ा के पास वाहनों की सघन जांच की गई। इसके अलावा अमानगंज और पवई क्षेत्र में भी रात के समय वाहन चेक किए गए। यह अभियान देवास में अवैध शराब के परिवहन के दौरान ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की मौत के बाद बढ़ाई गई सतर्कता के तहत चलाया गया।
कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर चला अभियान
कलेक्टर हर्ष सिंह और नवागत पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के मार्गदर्शन में पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने पहाड़ीखेड़ा के पास नागौद-कालींजर राजमार्ग पर बैरिकेडिंग की। इसके बाद वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की गई। टीम ने अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाने के साथ सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेकिंग की।
देवास में TI की मौत के बाद बढ़ाई सतर्कता
दरअसल, देवास जिले में अवैध शराब के परिवहन के दौरान एक ट्रक की चपेट में आने से टीआई दिलीप पुरी की दुखद मौत हो गई थी। ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना के बाद प्रदेश के दूसरे जिलों में भी अवैध शराब के परिवहन को लेकर सतर्कता बढ़ाई जा रही है। इसी के तहत पन्ना में पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय और पहाड़ीखेड़ा पुलिस चौकी प्रभारी पूर्णानंद मिश्रा सहित दोनों विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।
अमानगंज और पवई में भी हुई वाहनों की जांच
पवई आबकारी वृत्त में भी रात के समय चेकिंग अभियान चलाया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव के नेतृत्व में टीम ने अमानगंज और पवई क्षेत्र में वाहनों की जांच की। इस दौरान आबकारी उपनिरीक्षक हरीश पाण्डेय, विक्रांत जैन और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने रात में गुजरने वाले वाहनों की जांच कर अवैध शराब के परिवहन पर नजर रखी।
आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान
पुलिस और आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए संयुक्त चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। रात के समय प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में वाहनों की जांच की जाएगी।

