भोपाल में दीपावली से पहले खाद्य विभाग हुआ सख्त: मिठाई-मावा की दुकानों पर छापेमारी, बसों से आ रही खाद्य सामग्री की भी जांच
Published:
4 min read

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिठाई, नमकीन और डेयरी दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
भोपाल। दीपावली का त्यौहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाई, मावा, नमकीन और दूध की मांग बढ़ गई है। ऐसे में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में मिठाई, नमकीन और डेयरी दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इसके अलावा दूसरे शहरों से बसों के जरिए भोपाल आने वाली खाद्य सामग्री की भी जांच की गई।
मिठाई और नमकीन की दुकानों से लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा आयुक्त और कलेक्टर के निर्देश पर 4 नवंबर को विभाग की टीम ने बैरागढ़, काली परेड, करोंद और अन्य इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। बैरागढ़ स्थित जय राम मलाई वाले से चमचम और वर्षा स्वीट्स से मलाई टिकिया का नमूना लिया गया। काली परेड स्थित कुंदन नमकीन से नमकीन के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं करोंद के बीकानेर मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा अधिकारी वर्षा व्यास ने विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए।
इसके अलावा शाहजहांनाबाद के राजस्थान मिष्ठान भंडार से खुरमे, मठरी और मलाई चाप के नमूने लिए गए। करोंद की सुंदरम डेयरी से पनीर, कुबेर डेयरी से छेना टोस्ट, नमकीन, बेसन लड्डू और घी के नमूने जब्त किए गए। कुणाल डेयरी, करोंद से मावा, पनीर, सूजी के लड्डू और खुरमे के नमूने लिए गए। विभाग खासतौर पर मावा और उससे बनने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच कर रहा है। सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
आईएसबीटी पर बसों से आने वाली खाद्य सामग्री की जांच
दुकानों के साथ खाद्य विभाग ने बसों के जरिए दूसरे शहरों से भोपाल पहुंचने वाली खाद्य सामग्री पर भी नजर रखी। टीम ने आईएसबीटी स्थित वर्मा ट्रैवल्स सहित अन्य ट्रैवल एजेंसियों पर जांच की।सुबह 11 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में बसों के जरिए लाई जा रही खाद्य सामग्री की जांच और निगरानी की गई। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाहर से आने वाले खाद्य पदार्थ सुरक्षित हों और परिवहन के दौरान उनकी गुणवत्ता खराब न हो।

नन्हे चाचा डेयरी के मिश्रित दूध का नमूना अमानक
खाद्य सुरक्षा विभाग ने पहले लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर दो मामले अपर कलेक्टर न्यायालय में पेश किए हैं। पंजाब डेयरी, न्यू मार्केट से लिए गए पनीर के नमूने की जांच रिपोर्ट में उसे मानक स्तर का पाया गया। वहीं मंगलवारा स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी के पास नन्हे चाचा दूध डेयरी सेंटर से लिए गए मिश्रित दूध का नमूना प्रारंभिक जांच में असुरक्षित पाया गया था। संबंधित पक्ष की अपील के बाद नमूने को रेफरल खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। वहां दोबारा जांच में भी नमूना अमानक पाया गया। इसके बाद विभाग ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामला अपर कलेक्टर न्यायालय में पेश कर दिया।
बाबे डेयरी के घी में भी मिली गुणवत्ता की कमी
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बैरसिया रोड स्थित न्यू आजाद मार्केट, ग्राम जगदीशपुर के बाबे डेयरी हाउस के खिलाफ भी न्यायालयीन कार्रवाई की है। विभाग ने 22 जुलाई 2026 को यहां से खुले घी का नमूना लिया था। प्रयोगशाला जांच में घी का नमूना अमानक पाया गया। इसके बाद प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर फैज अमान और पंजीयनधारी युसरा रहमान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की गई। दोनों के खिलाफ अधिनियम की धारा 26(2)(ii) और धारा 51 के तहत न्याय निर्णय अधिकारी एवं पदेन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी के न्यायालय में अभियोग और परिवाद पत्र पेश किया गया है।
खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिठाई, नमकीन बनाने वाले कारोबारियों और डेयरी संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने खासतौर पर दूध, मावा, पनीर और इनसे तैयार होने वाली मिठाइयों में अच्छी गुणवत्ता वाले कच्चे माल का इस्तेमाल करने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक, खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का पालन करना जरूरी है। दीपावली तक दुकानों की जांच, नमूने लेने और प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें- भोपाल में बस से 35 लाख की चरस जब्त: दिल्ली से हैदराबाद जा रहा केरल का युवक गोविंदपुरा में गिरफ्तार...

