भोपाल में बस से 35 लाख की चरस जब्त: दिल्ली से हैदराबाद जा रहा केरल का युवक गोविंदपुरा में गिरफ्तार, पुलिस और NCB की संयुक्त कार्रवाई
Published:
2 min read

भोपाल में बस से 35 लाख की चरस जब्त, कीमत 30 से 35 लाख रुपए
भोपाल। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोविंदपुरा पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने एक बस से करीब एक किलो चरस बरामद की है। जब्त नशीले पदार्थ की कीमत लगभग 30 से 35 लाख रुपए आंकी गई है। टीम ने बस में सफर कर रहे 25 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान शिजान निवासी केरल के रूप में हुई है।
आरोपी दिल्ली से हैदराबाद जा रहा था
जानकारी के मुताबिक, युवक दिल्ली से बस में सवार होकर हैदराबाद जा रहा था। इसी दौरान पुलिस और एनसीबी को सूचना मिली कि बस में एक यात्री अवैध रूप से चरस लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एजेंसी की टीम सक्रिय हुई और गोविंदपुरा क्षेत्र में बस को रुकवाकर संदिग्ध युवक को नीचे उतारा। इसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें से करीब एक किलो चरस बरामद हुई।
बैग में छिपाकर ले जा रहा था चरस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी को संदेह न हो इसलिए आरोपी चरस को बैग में छिपाकर गोपनीय तरीके से ले जा रहा था, संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थ को जब्त कर युवक को आगे की कार्रवाई के लिए एनसीबी के सुपुर्द कर दिया है।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में पूछता
गोविंदपुरा टीआई अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि एनसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह चरस कहां से लेकर आया था और हैदराबाद में किसे इसकी आपूर्ति की जानी थी। इसके अलावा इस तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या युवक अकेले ही नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है। एनसीबी की पूछताछ के बाद गोविंदपुरा पुलिस भी आरोपी से पूछताछ करेगी।
ये भी पढ़ें - कांकेर में 'उजियारा अभियान'के तहत पुलिस का एक्शन: स्कॉर्पियो से 30 पेटी अवैध शराब जब्त; तस्कर गिरफ्तार, 5 लाख का सामान बरामद

