कांकेर में 'उजियारा अभियान'के तहत पुलिस का एक्शन: स्कॉर्पियो से 30 पेटी अवैध शराब जब्त; तस्कर गिरफ्तार, 5 लाख का सामान बरामद
Published:
3 min read

कांकेर में 'उजियारा अभियान'के तहत पुलिस का एक्शन
कांकेर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। बांदे थाना पुलिस ने उजियारा अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन से 30 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 18 हजार रुपए है। वहीं, नगदी, वाहन और मोबाइल समेत कुल 4 लाख 88 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 3 नवंबर 2026 को बांदे थाना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पीव्ही-82 विजय नगर में एक व्यक्ति स्कॉर्पियो से अवैध शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध स्कॉर्पियो क्रमांक CG 18 J 8172 की तलाशी ली।
265 लीटर से अधिक शराब बरामद
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को 30 पेटी रॉकेट देशी संत्रा शराब मिली। इसमें कुल 2,950 बोतलें थीं, जिनकी मात्रा 265.500 लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 18 हजार रुपए है।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब के साथ 50 हजार रुपए नकद, परिवहन में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और एक आईक्यू मोबाइल फोन भी जब्त किया। स्कॉर्पियो की कीमत करीब 3 लाख रुपए और मोबाइल की कीमत लगभग 20 हजार रुपए आंकी गई है।
32 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अमित साहा (32), पिता स्वर्गीय आनंद साहा, निवासी पीव्ही-14 श्यामनगर, थाना पखांजूर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके लिए 94791-55125 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उजियारा अभियान के तहत जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।
ये भी पढ़ें - छतरपुर में स्कूल में मिड डे मील में निकली छिपकली: DPC ने दो APC भेजकर दिए जांच और कार्रवाई के आदेश

