निवाड़ी के जेरोन में अध्यक्ष की कुर्सी पर बड़ा उलटफेर: 466 वोटों से हारीं कुसुम पस्तोर, खाली कुर्सी जीती; पति ने कांग्रेस नेताओं पर लगाए भितरघात के आरोप
Published:
2 min read

जेरोन खालसा नगर परिषद में अध्यक्ष कुर्सी का आया नतीजा।
निवाड़ी। जिले की जेरोन खालसा नगर परिषद में अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर हुए मतदान का परिणाम आ गया है। इसमें खाली कुर्सी (अध्यक्ष को हटाने) के पक्ष में फैसला हुआ है। अध्यक्ष कुसुम मातादीन पस्तोर को 466 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। इस फैसले के बाद उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा। अध्यक्ष के खिलाफ 12 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसके बाद 4 नवंबर को खाली कुर्सी और भरी कुर्सी के पक्ष में मतदान कराया गया था। शुक्रवार को हुई मतगणना में खाली कुर्सी को जीत मिली।
खाली कुर्सी के पक्ष में पड़े 2633 वोट
नगर परिषद में कुल 7 हजार 799 पंजीकृत मतदाता थे। इनमें से 4 हजार 798 लोगों ने मतदान किया था। शुक्रवार को पृथ्वीपुर के शासकीय महाविद्यालय में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच मतगणना कराई गई। मतगणना में अध्यक्ष को वापस बुलाने यानी खाली कुर्सी के पक्ष में 2 हजार 633 वोट पड़े। वहीं, अध्यक्ष को पद पर बनाए रखने यानी भरी कुर्सी के पक्ष में 2 हजार 167 वोट मिले। इस तरह खाली कुर्सी ने 466 वोटों से जीत दर्ज की। रिटर्निंग अधिकारी और पृथ्वीपुर एसडीएम वंदना जैन ने मतगणना के बाद परिणाम की जानकारी दी।
पति ने कांग्रेस नेताओं पर लगाया भितरघात का आरोप
चुनाव में हार के बाद अध्यक्ष कुसुम पस्तोर के पति मातादीन पस्तोर ने कांग्रेस के कुछ पार्षदों और नेताओं पर साथ नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी कांग्रेस से नगर परिषद अध्यक्ष थीं, लेकिन पार्टी के ही कुछ पार्षदों और नेताओं ने उनका साथ देने के बजाय विरोधी पक्ष का समर्थन किया। मातादीन पस्तोर ने चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों का धन्यवाद भी किया।
कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान की चर्चा
इस चुनाव परिणाम के बाद स्थानीय कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान की चर्चा शुरू हो गई है। अध्यक्ष के पति के आरोपों से पार्टी के भीतर मतभेद की बात सामने आई है। हालांकि, कांग्रेस नेताओं की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढे़ं- निवाड़ी में गांजे की खेती पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 45 किलो से अधिक गांजा जब्त, 200 हरे पौधे और बीज मिले, एक आरोपी गिरफ्तार...
मातादीन पस्तोर
विनीता जैन, रिटर्निंग अधिकारी एवं पृथ्वीपुर SDM

