ओरछा मंदिर पहुंचे CM मोहन यादव: रामराजा सरकार ने दर्शन कर दुकानदारों से जाना हाल, लोक का निर्माण तय समय में पूरा करने के दिए निर्देश
Published:
2 min read

ओरछा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव में रामराजा सरकार के मंदिर में दर्शन कर पूजन की।
निवाड़ी। धार्मिक नगरी ओरछा में शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अलग अंदाज देखने को मिला। रामराजा सरकार के मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने फुटकर दुकानदारों से बातचीत कर उनके कारोबार और आमदनी के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बुंदेली लोकगीतों का आनंद लिया और पारंपरिक वाद्य यंत्र झांझ-मंजीरे भी बजाए।
दुकानदारों से पूछा कारोबार और आमदनी का हाल
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बाजार भ्रमण के दौरान फूलों की दुकान लगाने वाले नीरज कुशवाह से बातचीत की। उन्होंने पूछा कि वह कितने समय से यह काम कर रहे हैं और इससे कितनी आमदनी होती है। इसके बाद मुख्यमंत्री मनिहारी की दुकान पर पहुंचे और दुकानदार बल्लन जोगी से उनका हालचाल जाना। मिठाई की दुकान पर उन्होंने नेहा नाम की बच्ची से मुलाकात की और उसकी पढ़ाई के बारे में पूछा। इस दौरान एक दुकानदार ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी आर्थिक समस्या भी रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को अंतरजातीय विवाह के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की।
लाला हरदौल बैठका में की पूजा-अर्चना
बाजार भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री लाला हरदौल बैठका पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने पुरातत्व उद्यान का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने ढोलक की थाप पर राम भजन सुने। बुंदेली लोकगीतों के बीच उन्होंने झांझ-मंजीरे बजाकर स्थानीय संस्कृति का आनंद लिया।
तय समय में पूरा होगा रामराजा लोक का निर्माण
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रामराजा सरकार का मंदिर मध्यप्रदेश की आस्था का प्रमुख केंद्र है। दीपावली के अवसर पर उन्होंने प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरछा को धार्मिक पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। रामराजा लोक के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ओरछा के धार्मिक और पर्यटन महत्व को बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
ये भी पढ़ें- निवाड़ी के जेरोन में अध्यक्ष की कुर्सी पर बड़ा उलटफेर: 466 वोटों से हारीं कुसुम पस्तोर, खाली कुर्सी जीती....
डॉ.मोहन यादव, मुख्यमंत्री

